उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आई है। सोनभद्र जिले की दुद्धी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ विधायक विजय सिंह गोंड का 71 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन से सपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर है।
Highlights:
कहां और कब हुआ निधन
सोनभद्र से सपा विधायक विजय सिंह गोंड ने लखनऊ स्थित संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SGPGI) में अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। जानकारी के अनुसार, उनकी दोनों किडनियां खराब हो गई थीं, जिसके कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिवार और पार्टी सूत्रों के मुताबिक, विजय सिंह गोंड की तबीयत काफी समय से खराब थी। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन गुरुवार को उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।
विजय सिंह गोंड का राजनीतिक सफर
विजय सिंह गोंड दुद्धी विधानसभा सीट से 8 बार विधायक रहे। वे क्षेत्र में एक मजबूत जनाधार रखने वाले नेता माने जाते थे। उन्होंने अपने राजनीतिक गुरु को भी चुनाव में हराया था। इसके अलावा वे मुलायम सिंह यादव सरकार में राज्यमंत्री भी रह चुके थे। विधायक के निधन की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लखनऊ के लिए रवाना हो गए। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे सपा के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। सपा नेता अवध नारायण यादव ने बताया कि शुक्रवार को विजय सिंह गोंड का अंतिम संस्कार दुद्धी के कमहर घाट पर किया जाएगा। इससे पहले उनका पार्थिव शरीर DCF कॉलोनी स्थित गोंडवाना भवन में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।
प्रदेश में अब तीन सीटों पर उपचुनाव
विजय सिंह गोंड के निधन के बाद उत्तर प्रदेश में अब तीन विधानसभा सीटें रिक्त हो गई हैं। मऊ की घोसी सीट से विधायक सुधाकर सिंह का 20 नवंबर को निधन हुआ था। बरेली की फरीदपुर सीट से भाजपा विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल की हार्ट अटैक से मौत हुई थी। इनमें से दो सीटें समाजवादी पार्टी और एक सीट भाजपा के पास थीं। अब इन सीटों पर उपचुनाव कराए जाएंगे। विजय सिंह गोंड के निधन से दुद्धी और सोनभद्र क्षेत्र में शोक का माहौल है। लोग उन्हें एक सरल, जमीनी और संघर्षशील नेता के रूप में याद कर रहे।
इसे पढ़े- केरल के सड़क हादसे में मृत भिखारी के कंटेनर से मिले 45 लाख रुपये


