न्यूज डेस्क: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना के बाद अभिनेता सलमान खान को कथित तौर पर धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक ऑडियो में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का दावा करने वाले अनिल पंडित और हरमन संधू सलमान खान को धमकी देते सुनाई दे रहे हैं। हालांकि, मुंबई पुलिस इस ऑडियो की प्रमाणिकता की जांच कर रही है।
इसे भी पढ़ें : टाइगर श्रॉफ़ पर हुए हमले को लेकर बोले महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फडणवीस और फिल्म अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा
वायरल ऑडियो में दावा किया गया है कि टाइगर श्रॉफ को पहले भी सलमान खान के साथ काम करने को लेकर चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद संपर्क बनाए रखने के कारण उन पर हमला किया गया। ऑडियो में सलमान खान और उनके परिवार को भी गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है।
बताया गया है कि रविवार शाम टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना हुई, जिसमें कार चालक और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। टाइगर श्रॉफ इस घटना में बाल-बाल बच गए। घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया।
सलमान खान और लॉरेंस बिश्नोई के बीच विवाद लंबे समय से चर्चा में रहा है। वर्ष 1998 के जोधपुर हिरण शिकार मामले को लेकर बिश्नोई समाज की नाराजगी सामने आती रही है। वर्ष 2024 में सलमान खान के आवास के बाहर भी फायरिंग की घटना हुई थी।

