न्यूज डेस्क : राजद नेता व बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की ओर से सीएम पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने कहा है कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान हो रहे चुनाव प्रचार के बीच 10 हज़ार रुपये की रिश्वत बांटी जा रही है और चुनाव आयोग शांत है.
Highlights:
गोपलागंज में अमित शाह का बयान
शनिवार को मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया, “क्या चुनाव आयोग का क़ानून सिर्फ विपक्ष के लोगों के लिए है, सत्ता पक्ष के लिए कोई क़ानून नहीं है. चुनाव आयोग लगातार ग़ायब है. 10-10 हजार रुपये चुनाव के बीच में बांटा जा रहा है, रिश्वत दी जा रही है. चुनाव आयोग कोई एक्शन नहीं ले रहा है.” इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के गोपालगंज में कहा था कि पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार ने एक करोड़ से ज्यादा जीविका दीदी के खाते में 10-10 हज़ार रुपये ट्रांसफर किए हैं.
दुलारचंद यादव की हत्या पर की टिप्पणी
तेजस्वी यादव ने मोकामा में हुई दुलारचंद यादव की हत्या के मामले पर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा, “हत्या हुई, नामजद एफ़आईआर भी हुई और किसी पर कार्रवाई नहीं हुई. कहां है चुनाव आयोग?” बता दें कि 30 अक्टूबर को दुलारचंद यादव की हुई हत्या के मामले में घोसवरी थाने में जदयू उम्मीदवार व पूर्व विधायक अनंत सिंह सहित पांच पर नामज़द एफ़आईआर दर्ज हुई है. दुलारचंद जनसुराज के उम्मीदवार प्रियदर्शी पीयूष के प्रचार के लिए मोकामा गए थे.


