रांची: रांची में 24 मई को आयोजित होने वाली संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रही हैं। परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए प्रमंडलीय आयुक्त मनोज कुमार की अध्यक्षता में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। इस समीक्षा बैठक में राजेश्वर नाथ आलोक, पुलिस अधीक्षक नगर, निदेशक पोस्टल सर्विस, प्रतिनियुक्त पदाधिकारी, कॉलेज एवं विद्यालयों के शिक्षक सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
Highlights:
इस बैठक में परीक्षा के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। आयुक्त के सचिव आलोक कुमार ने प्रतिनियुक्त अधिकारियों को उनके दायित्वों और कार्यों की जानकारी दी।
Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-
दो पालियों में होगी परीक्षा
प्रशासन की ओर से बताया गया कि यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहला पेपर सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक होगा, जबकि दूसरा पेपर दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक लिया जाएगा। इस परीक्षा में रांची के कुल 36 परीक्षा केंद्रों पर 16,531 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
बैठक के दौरान आयुक्त ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, बैठने की व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की परेशानी अभ्यर्थियों को नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा, 23 और 24 मई को परीक्षा से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता देने के लिए किसी अन्य कार्यक्रम के आयोजन से बचने का निर्देश भी दिया गया।
यह भी पढ़ें: राजीव रंजन मिश्रा के परिजनों से मिले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, कहा – मामले में बड़े षड्यंत्र की आ रही बू
सुरक्षा व्यवस्था रहेगी कड़ी
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने विशेष तैयारी की है। प्रत्येक परीक्षा उपकेंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा अलग से एक पुलिस दल भी मौजूद रहेगा, जिसमें तीन पुरुष और दो महिला पुलिसकर्मी अनिवार्य रूप से शामिल होंगे। सभी परीक्षार्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी और बिना जांच के किसी को भी परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि परीक्षार्थियों के पास किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस नहीं होना चाहिए। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले एडमिट कार्ड और पहचान पत्र का मिलान अनिवार्य रूप से किया जाएगा। आयुक्त ने कहा कि यूपीएससी की सभी गाइडलाइन का सख्ती से पालन किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
परीक्षा समाप्ति के बाद भी रहेगी निगरानी
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाएं, प्रश्न पत्रों से संबंधित दस्तावेज और अन्य जरूरी कागजात सुरक्षित रूप से जीपीओ में जमा कराए जाएं। साथ ही स्थानीय निरीक्षी पदाधिकारियों को परीक्षा से एक दिन पहले केंद्रों का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। परीक्षा समाप्ति के बाद उपस्थित विवरणी, जैमर अधिष्ठापन प्रपत्र और निरीक्षण रिपोर्ट नियंत्रण कक्ष में जमा करनी होगी।
यह भी पढ़ें: ठाणे रेलवे स्टेशन के पास आग लगने से एक फायरमैन और एक गार्ड की मौत


