हजारीबाग : हजारीबाग पुलिस ने मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर अपराध में लिप्त चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। बताया गया कि आरोपी अलग-अलग बैंकों के फर्जी ATM/डेबिट कार्ड और मोबाइल फोन का उपयोग कर धोखाधड़ी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
मामले को लेकर बताया जा रहा है कि 16 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति एक काले रंग की कार से ग्रामीणों को बहला-फुसलाकर उनसे ATM कार्ड तथा उनके पिन प्राप्त कर ठगी कर रहे हैं। इसके बाद पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।
मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सकरी गांव के पास पुलिस ने एक कार को रोका, जिसमें दो आरोपी मौजूद थे। तलाशी के दौरान उनसे कुल 1,50,000 रुपये नकद, बड़ी संख्या में ATM/डेबिट कार्ड और 11 मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर दो और आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में यह पाया गया कि वे लोगों को झांसा देकर उनके ATM कार्ड बदल लेते थे और बाद में खाते से पैसे निकाल लेते थे। ठगी के पैसों से वे महंगी कारें और मोबाइल खरीदते थे।
जिन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, उसमें तस्लीम अंसारी, उम्र 24 वर्ष, निवासी – मारंगी मुंडा, देवघर के अलावा
राजू मंडल, उम्र 36 वर्ष, निवासी – हरिहरगंज, पलामू, सचिन कुमार, उम्र 28 वर्ष, निवासी – कर्रा चौक, हजारीबाग और मो. शकील, उम्र 28 वर्ष, निवासी – पुटकुरी झरिया, गिरिडीह हैं. इन अपराधियों के पास से 11 स्मार्टफोन, 6 सिम कार्ड, विभिन्न बैंकों के 19 ATM/डेबिट कार्ड, Hyundai Alcazar कार (BR-08G-7005),Creta कार (JH10DE-5254),कुल ₹1,50,000 नकद बरमाद हुए हैं।

