पलामू: साइबर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब वे सीधे जिले के एसपी को ही अपना हथियार बना रहे हैं। पलामू की एसपी रीष्मा रमेशन के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर एक फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना के बाद पूरे जिले के प्रशासनिक अमले और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
Highlights:
7061147269: इस नंबर से रहें सावधान
सोमवार दोपहर को एसपी रीष्मा रमेशन को सूचना मिली कि एक मोबाइल नंबर (7061147269) से उनके नाम पर व्हाट्सएप प्रोफाइल बनाकर कई अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और प्रतिष्ठित लोगों को मैसेज भेजे जा रहे हैं। इस फर्जी प्रोफाइल पर एसपी की तस्वीर लगाकर लोगों को भ्रमित किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधियों की मंशा गोपनीय सूचनाएं हासिल करने या वित्तीय लाभ लेने की हो सकती है।

एसपी की सीधी अपील: भरोसा न करें
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी रीष्मा रमेशन ने खुद मोर्चा संभाला और तत्काल चेतावनी जारी की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह नंबर मेरा नहीं है। इस नंबर से आने वाले किसी भी मैसेज या कॉल पर विश्वास न करें। यह साइबर ठगी की एक कोशिश है। यदि कोई आपसे पैसे की मांग करे या निजी जानकारी मांगे, तो तुरंत स्थानीय थाने को सूचित करें।
पलामू में फेक प्रोफाइल का पुराना इतिहास
यह पहली बार नहीं है जब पलामू में किसी बड़े अधिकारी को निशाना बनाया गया हो। इससे पहले भी अपराधियों ने दो बार पलामू डीसी समीरा एस के नाम पर फर्जी अकाउंट बनाया था। साथ ही पूर्व में कमिश्नर के नाम का भी दुरुपयोग किया जा चुका है। वहीं पिछली जांचों में ऐसे तारों के संबंध बिहार और वियतनाम जैसे विदेशी नंबरों से भी पाए गए हैं।
पुलिस की साइबर सेल ने इस नंबर की लोकेशन और कॉल डिटेल्स खंगालनी शुरू कर दी है। एसपी ने इस मामले की लिखित सूचना झारखंड पुलिस मुख्यालय, डीआईजी पलामू और उपायुक्त को दे दी है। वहीं तकनीकी टीम यह पता लगाने में जुटी है कि इस फर्जी अकाउंट के पीछे किसी पेशेवर गिरोह का हाथ है या यह किसी स्थानीय अपराधी की शरारत है।
सुरक्षा टिप्स: सावधान रहें, सुरक्षित रहें
- किसी भी अधिकारी के नाम से आने वाले संदिग्ध मैसेज की पुष्टि उनके आधिकारिक नंबर से ही करें।
- व्हाट्सएप पर ‘डिस्प्ले पिक्चर’ (DP) देखकर किसी की पहचान तय न करें।
- किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, न ही कोई ओटीपी (OTP) साझा करें।
ये विडिओ भी देखें


