क्राइम डेस्क: बाहरी दिल्ली के बवाना के पूठ खुर्द स्थित एक निजी स्कूल में तीन साल की बच्ची के यौन उत्पीड़न मामले में पुलिस ने अपनी शुरुआती जांच पूरी कर ली है और अदालत में 105 पेज का चार्जशीट दाखिल कर दिया है। मामले में बच्ची के बयान को भी महत्वपूर्ण सबूत माना गया है।
Highlights:
हालांकि, स्कूल के CCTV कैमरों और आरोपी चालक के मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच अभी पूरी नहीं हुई है। दोनों को FSL भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद इलेक्ट्रॉनिक सबूतों से जुड़ी जानकारी भी अदालत के सामने रखी जाएगी। बता दें, कि मामले की अगली सुनवाई 12 अक्टूबर को होगी।
इसे भी पढ़े: मुजफ्फरपुर ने किया शानदार प्रदर्शन 107% टीकाकरण, बिहार में मिला 12वां स्थान
मजिस्ट्रेट के सामने बच्ची का बयान
पुलिस ने चार्जशीट में बच्ची के बयान के अलावा उसके माता-पिता, स्कूल के प्रिंसिपल, कक्षा अध्यापिका और अन्य लोगों के बयान भी शामिल किए हैं। बच्ची को बाल कल्याण समिति के सामने पेश करने के बाद मजिस्ट्रेट के सामने भी उसका बयान दर्ज कराया गया था।
चार्जशीट में बच्ची की मेडिकल जांच से जुड़े दस्तावेज और अन्य जरूरी कागजात भी शामिल किए गए हैं। मामले की जांच तब शुरू हुई थी, जब 19 अगस्त को बच्ची के परिवार ने उसके शरीर पर सूजन और लाल निशान देखे थे।
बच्ची ने आरोपी की पहचान की
पूछताछ के दौरान बच्ची ने एक व्यक्ति को ‘बुरा अंकल’ बताते हुए उसके द्वारा चॉकलेट देने और अनुचित तरीके से छूने की बात बताई थी। इसके बाद 24 अगस्त को स्कूल में बच्ची ने आरोपी की पहचान की। पहचान के बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
CCTV और मोबाइल की FSL जांच
मेडिकल जांच के बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान स्कूल के CCTV कैमरे और आरोपी का मोबाइल फोन जब्त किया गया। दोनों को रोहिणी स्थित FSL भेजा गया है। इनकी रिपोर्ट अभी आना बाकी है।FSL रिपोर्ट मिलने के बाद उसमें सामने आने वाले तथ्यों को पूरक चार्जशीट के जरिए अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस ने आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से सात अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन मामलों की जानकारी 22 सितंबर को दाखिल की गई चार्जशीट में शामिल की गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के मोबाइल की जांच के दौरान कुछ अन्य बच्चों से जुड़े वीडियो क्लिप भी मिले हैं। फिलहाल, पुलिस इन वीडियो और उनसे जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।


