धनबाद : नाई समाज ने एक गायक पर कथित तौर पर आपत्तिजनक और अश्लील गीत गाने का आरोप लगाते हुए धनबाद जिला नाई समाज संघ ने मंगलवार को समाहरणालय के बाहर प्प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के बाद समाज के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा.
इसे भी पढ़ें: धनबाद : RPF की स्पेशल टास्क टीम की कार्रवाई, गंगा दामोदर एक्सप्रेस से अवैध शराब के साथ यात्री गिरफ्तार

समाज के जिलाध्यक्ष ने कहा कि 26 सितंबर को धनबाद थाना में मामले को लेकर एफआईआर दर्ज कराई गई थी लेकिन 10 दिन से अधिक समय बीतने के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं हुई है. उन्होंने आरोप लगाया कि एक गायक ने नाई समाज को निशाना बनाते हुए अश्लील और समाज की अस्मिता को ठेस पहुंचाने वाला गीत गाया है.
जिलाध्यक्ष ने कहा कि समाज के लोग शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने में विश्वास करते हैं लेकिन किसी समुदाय को कथित तौर पर सिर्फ प्रचार या टीआरपी के लिए निशाना बनाया जाना स्वीकार नहीं किया जाएगा .उन्होंने कहा कि गीत के बोल बेहद आपत्तिजनक हैं और समाज के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है.
प्रदर्शन के दौरान नाई समाज ने प्रशासन के समक्ष चार प्रमुख मांगें रखीं.इनमें संबंधित गायक के खिलाफ कार्रवाई, बिरसा मुंडा पार्क के समीप चौराहे पर जननायक ठाकुर की प्रतिमा स्थापित करने, नाई जाति को अनुसूचित जाति की श्रेणी में शामिल करने तथा झारखंड में केश कला बोर्ड का गठन करने की मांग शामिल है. समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे आंदोलन करने पर विचार करेंगे.


