पटना: बच्चों को गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए चल रहे नियमित टीकाकरण अभियान में मुजफ्फरपुर ने अच्छा प्रदर्शन किया है। राज्य स्वास्थ्य समिति की ताजा रैंकिंग में जिले ने 107 प्रतिशत टीकाकरण कवरेज हासिल किया है। इसके साथ मुजफ्फरपुर को पूरे बिहार में 12वां स्थान मिला है। वहीं, शिवहर भी 107 प्रतिशत कवरेज के साथ 11 वें स्थान पर है, जबकि गोपालगंज 118 प्रतिशत कवरेज के साथ पूरे प्रदेश में पहले स्थान पर है।
Highlights:
इसे भी पढ़े: JPSC Scam: CID कोर्ट ने खारिज की, एल ख्यांग्ते ने हाईकोर्ट में जमानत याचिका के लिए लगाई गुहार
प्रवासी और छूटे बच्चों पर रहा खास ध्यान
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एसके पांडे के अनुसार, मुजफ्फरपुर में 107 प्रतिशत कवरेज का कारण केवल पंजीकृत बच्चों का टीकाकरण नहीं है। अभियान के दौरान प्रवासी और घुमंतू परिवारों के उन बच्चों तक भी पहुंचने की कोशिश की गई, जो नियमित टीकाकरण से छूट गए थे। ऐसे बच्चों की पहचान कर उनके लिए विशेष टीकाकरण सत्र भी आयोजित किए गए। स्वास्थ्य कर्मियों ने उन्हें नियमित टीकाकरण अभियान से जोड़ने का प्रयास किया।
पटना 37वें स्थान पर
राजधानी पटना का प्रदर्शन इस रैंकिंग के मुकाबले में कम रहा। पटना को 37वां स्थान मिला, जहां 94 प्रतिशत टीकाकरण कवरेज दर्ज किया गया। अधिकारियों के अनुसार, शहरी मलिन बस्तियों और ऐसी आबादी तक पहुंचना चुनौती है, जहां परिवार बार-बार अपना स्थान बदलते रहते हैं। इस वजह से बच्चों का समय पर टीकाकरण कराना मुश्किल होता है।
100% से ज्यादा टीकाकरण का क्या मतलब?
टीकाकरण में 100 प्रतिशत से ज्यादा कवरेज का मतलब यह नहीं है कि बच्चों को जरूरत से ज्यादा टीके लगाए गए हैं। इसका मतलब है कि तय लक्ष्य के मुकाबले अधिक बच्चों को टीकाकरण अभियान से जोड़ा गया। मुजफ्फरपुर में एक विशेष टीकाकरण अभियान चलाया गया, जिसने अपने तय लक्ष्य से भी अधिक सफलता हासिल की है। बच्चों को गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए नियमित टीकाकरण अभियान जारी है।


