धनबाद: वासेपुर में डॉन फहीम खान के भाई पर हुए जानलेवा हमले के मामले में धनबाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अपराधियों के खिलाफ सफलता हासिल की है. बुधवार की देर रात ईस्ट बसुरिया थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शूटरों को गोली लगी है. इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने कुल चार अपराधियों को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है.
इसे भी पढ़ें : UP में बृजेश गंझू के एनकाउंटर पर प्रतिबंधित नक्सली संगठन TSPC ने 7 जिलों में तीन दिनी बंद का किया ऐलान
जानकारी के अनुसार, धनबाद पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वासेपुर गोलीकांड में शामिल अपराधी ईस्ट बसुरिया थाना क्षेत्र में छिपे हुए हैं. पुलिस की टीम ने जब इलाके की घेराबंदी कर अपराधियों को आत्मसमर्पण करने को कहा, तो अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से चलाई गई गोलियों से दो शूटर घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
एनकाउंटर में घायल हुए अपराधियों की पहचान चंदन ठाकुर और प्रिंस के रूप में हुई है. वासेपुर में फहीम खान के भाई समेत तीन लोगों को गोली मारने की घटना में चंदन ठाकुर मुख्य शूटर की भूमिका में था. उसने घटना वाले दिन ताबड़तोड़ आठ राउंड फायरिंग की थी. एनकाउंटर के दौरान चंदन के पैर और कमर में गोली लगी है. इस मुठभेड़ और छापेमारी के दौरान धनबाद पुलिस ने कुल चार अपराधियों को दबोचने में सफलता पाई है. पकड़े गए अपराधियों के पास से अवैध हथियार और गोलियां बरामद की गई हैं.


