Friday, October 30, 2026

जमशेदपुर में कैरव गांधी के अपहरणकर्ताओं संग पुलिस की मुठभेड़, 3 को लगी गोली, कई हथियार बरामद

जमशेदपुर: गुरुवार देर रात पुलिस और कैरव गांधी के अपहरणकर्ताओं के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में अपहरण कांड के मुख्य साजिशकर्ता गुड्डू सिंह सहित तीन अपराधी गोली लगने से घायल हो गए। घायलों में गुड्डू सिंह, इमरान आलम और रमीज रजा शामिल हैं। तीनों को पैर में गोली लगी है। घटना के बाद सभी को इलाज के लिए तत्काल टाटा मेन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

साईं मंदिर के पास हुई मुठभेड़ 

मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि पुलिस टीम तीनों अपहरणकर्ताओं से पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि शहर छोड़ने से पहले उन्होंने सोनारी स्थित साईं मंदिर के पास झाड़ियों में हथियार छिपाकर रखा है। मिली सूचना के आधार पर पुलिस गुरुवार देर रात तीनों आरोपियों को लेकर हथियार बरामदगी के लिए मौके पर पहुंची। बरामदगी के दौरान अचानक स्थिति बिगड़ गई।

कार्बाइन छीन की फायरिंग

सिटी एसपी के अनुसार, मुख्य साजिशकर्ता गुड्डू सिंह ने बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक दुबे के बॉडीगार्ड से कार्बाइन छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि इस दौरान बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक दुबे बाल-बाल बच गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में तत्काल जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की ओर से कुल पांच राउंड फायरिंग की गई, जिसमें गुड्डू सिंह, इमरान आलम और रमीज रजा पैर में गोली लगने से घायल हो गए। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से खोखा भी बरामद किया है।

गया और नालंदा जिले के रहने वाले

सिटी एसपी कुमार शिवाशीष के अनुसार, तीनों बिहार के गया और नालंदा जिले के रहने वाले हैं। घटना बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत साईं मंदिर के पास रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच हुई। घायल गुड्डू कुख्यात अजय सिंह के लिए काम करता था और उसे गैंग में ‘द एग्जीक्यूटर’ के नाम से जाना जाता है।

6 अपराधी हो चुके हैं गिरफ्तार

बता दें कि बिष्टूपुर निवासी उद्योगपति कैरव गांधी के 13 जनवरी को हुए अपहरण और 26 जनवरी को सकुशल रिहाई के बाद से छह अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस की अब तक कि जांच में अपहरण कांड के मुख्य साजिशकर्ता गुड्डू सिंह उर्फ सिंह साहब का सीधा संपर्क गयाजी जेल में बंद कुख्यात अपराधी अजय प्रताप सिंह से है। गुड्डू और अजय, गयाजी और पटना के बेउर जेल में एक साथ बंद रह चुके हैं, जहां से दोनों के बीच आपराधिक नेटवर्क मजबूत हुआ।

एयर नाऊ स्पेशल

Radhakrishna Kishore Podcast: राजनीति में आने की वजह से...

Radhakrishna Kishore Podcast: झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर अपने बेबाक अंदाज और साफगोई के लिए जाने जाते हैं। एयरनाऊ के खास पॉडकास्ट...
- Advertisement -spot_img

सोशल मीडिया

25,000FansLike
40,000FollowersFollow
500FollowersFollow
113,000SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग ख़बर