बिहार : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को मुजफ्फरपुर में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने छठ महापर्व, विकास, भ्रष्टाचार और सुशासन जैसे मुद्दों पर NDA की बात रखी और विपक्षी दलों (राजद (RJD) व कांग्रेस) पर तीखा प्रहार किया। पीएम मोदी ने कहा कि बिहार की जनता एक बार फिर NDA की सरकार बनाएगी, क्योंकि राज्य के विकास के लिए सुशासन और स्थिरता जरूरी है।
Highlights:
छठ महापर्व पर बोले मोदी – “यूनेस्को की सूची में शामिल करने की कोशिश”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार छठ महापर्व को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल कराने की दिशा में प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा, “एक ओर आपका बेटा छठी मइया की जय-जयकार दुनिया में कराने में लगा है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस और राजद के लोग छठी मइया का अपमान कर रहे हैं। क्या वोट के लिए छठी मइया का अपमान किया जा सकता है? बिहार की माताएं-बहनें इसे कभी माफ नहीं करेंगी।”
PM Modi Speech LIVE : Bihar के Muzaffarpur से PM मोदी की हुंकार लाइव | Bihar Election 2025
मोदी ने कहा कि छठ पर्व भारत की संस्कृति और मातृशक्ति की पहचान है। उन्होंने इसे मानवता का पर्व बताया और कहा कि भारत की संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाना उनकी सरकार का संकल्प है।
बिहार की मिठास की तारीफ और NDA सरकार पर भरोसा
पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत स्थानीय लोगों की तारीफ से की। उन्होंने कहा, “मुजफ्फरपुर की लीची जितनी मीठी होती है, उतनी ही मीठी यहां की बोली भी है।”
उन्होंने भीड़ की ओर इशारा करते हुए कहा कि यह जनसैलाब बता रहा है कि बिहार में एक बार फिर सुशासन की सरकार बनेगी। मोदी ने कहा कि NDA सरकार ने बिहार में सड़कों, बिजली, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में बड़ा काम किया है। उन्होंने जनता से अपील की कि “फिर एक बार NDA सरकार” का नारा बुलंद करें।
RJD-कांग्रेस पर तीखा हमला
प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा, “RJD और कांग्रेस वालों की पहचान सिर्फ पांच चीजों से है – कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और करप्शन। ये जंगलराज की पहचान है।”
उन्होंने कहा कि जो लोग जमीन कब्जाने और भ्रष्टाचार में लिप्त रहे, वे बिहार के उद्योग और विकास की बात नहीं कर सकते।
उन्होंने गोलू अपहरण कांड का जिक्र करते हुए कहा कि राजद-कांग्रेस के शासन में अपराध चरम पर था। उनके राज में 35 से 40 हजार अपहरण हुए। एक मासूम बच्चे गोलू के टुकड़े कर दिए गए थे, लेकिन तब भी इन नेताओं को फर्क नहीं पड़ा।
छठ का अपमान करने वालों को मत भूलिएगा: मोदी
प्रधानमंत्री ने जनता से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि छठी मइया का अपमान करने वालों को बिहार की जनता माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि NDA सरकार ने बिहार की संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का सम्मान किया है, जबकि विपक्ष केवल राजनीति करता है।
महिला सशक्तिकरण पर बोले मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि NDA सरकार ने बिहार में महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए कई कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि हमने घर दिए तो कागज बहनों के नाम पर दिए। 1 करोड़ 20 लाख बहनों के खातों में 10-10 हजार रुपये भेजे गए ताकि वे अपना व्यवसाय शुरू कर सकें। हम यहीं नहीं रुकेंगे, महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए और भी योजनाएं लाई जाएंगी।
युवाओं और रोजगार पर बोले मोदी
मोदी ने कहा कि बिहार के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें अवसर चाहिए। उन्होंने कहा कि NDA सरकार उद्योग, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में निवेश बढ़ा रही है ताकि बिहार का बेटा और बेटी अब पलायन न करें।
दो युवराजों पर प्रहार – झूठे वादों की पोटली खोल रखी है
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक भारत के और दूसरा बिहार के सबसे भ्रष्ट परिवारों के युवराज झूठे वादों की दुकान खोले बैठे हैं। उन्होंने कहा, “दोनों करोड़ों के घोटालों में जमानत पर हैं। ये नामदार हैं, मैं कामदार हूं। मुझे गाली दिए बिना इनका खाना नहीं पचता। लेकिन जनता अब सब समझ चुकी है।
महागठबंधन पर टिप्पणी
मोदी ने कहा कि RJD और कांग्रेस का गठबंधन सिर्फ सत्ता के लालच पर टिका है। उन्होंने कहा, इनका रिश्ता तेल और पानी की तरह है। एक-दूसरे को नीचे गिराने में लगे हैं। इन्हें जोड़ने वाली एक ही चीज है, सत्ता की लालच।
प्रधानमंत्री मोदी का मुजफ्फरपुर भाषण चुनावी जोश से भरा रहा। उन्होंने बिहार की जनता से NDA सरकार को फिर से मौका देने की अपील की और RJD-कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि बिहार को अब सुशासन और विकास की राह पर आगे बढ़ना है।


