जमशेदपुर : गोलमुरी बाजार स्थित केनरा बैंक में हुई करोड़ों की डकैती के 10 दिन बाद भी पांचों हथियारबंद अपराधी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस ने पांचों अपराधियों की तस्वीरें जारी कर दी हैं। प्रत्येक अपराधी की गिरफ्तारी या पहचान तक पहुंचाने वाली सूचना पर ₹2 लाख का इनाम घोषित किया गया है।
इसे भी पढ़ें: साहिबगंज में मार्निंग वॉक में निकले व्यक्ति की गला रेतकर हत्या, सुनसान सड़क पर वारदात को दिया गया अंजाम
बता दें कि 24 सितंबर की सुबह बैंक खुलते ही अपराधियों ने धावा बोलकर करीब 23 किलो सोना और 42 से 43 लाख रुपये नकद लूट लिए थे। लूटे गए सोने की अनुमानित कीमत करीब 33 करोड़ रुपये बताई जा रही है। 24 सितंबर की सुबह करीब 9:15 बजे बारिश के बीच पांच हथियारबंद अपराधी केनरा बैंक में दाखिल हुए। रेनकोट पहने अपराधियों ने बैंक कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड को कब्जे में लिया और कुछ ही देर में बैंक में रखा सोना और नकदी समेटकर फरार हो गए।
वारदात के बाद अपराधियों ने पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदले। SIT सीसीटीवी फुटेज, अपराधियों की गतिविधियों, संभावित भागने के रास्तों और संदिग्ध ठिकानों की गहन जांच कर रही है। जांच का दायरा झारखंड से बाहर तक बढ़ाया गया है। पुलिस को जांच के दौरान कई अहम सुराग मिलने की बात सामने आई है, लेकिन 23 किलो सोना और करोड़ों की नकदी लेकर फरार पांचों अपराधी अब भी पुलिस की पहुंच से दूर हैं।


