Wednesday, July 22, 2026

आयुष डॉक्टर का हिज़ाब खींच विवादों में घिरे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, विपक्षी नेताओं व मौलवियों ने साधा निशाना

पटना: सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है, जिसमें दिख रहा है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नियुक्ति पत्र देते हुए एक मुस्लिम महिला आयुष डॉक्टर के चेहरे से हिजाब खींच रहे हैं. वीडियो सोमवार का है, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ में 1283 आयुष डॉक्टरों (आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक और यूनानी) के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में शामिल हुए और आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र देने के दौरान एक नवनियुक्त आयुष डॉक्टर का हिजाब खींच दिया, जिससे वह अब विवादों में घिर गए हैं.

सम्राट चौधरी ने रोकने का किया प्रयास

वायरल वीडियो में नीतीश कुमार के पीछे बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी खड़े हैं और वह मुख्यमंत्री को ऐसा करते वक़्त रोकते हुए दिख रहे हैं. हालांकि बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे के साथ मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार को हँसते हुए देखा जा सकता है. जब हिजाब में नवनियुक्त डॉक्टर नियुक्त पत्र लेने आई तो 75 वर्षीय मुख्यमंत्री ने पूछा, “यह क्या है?” मंच पर खड़े नीतीश कुमार थोड़ा झुके और हिजाब नीचे खींच दिया. इसे लेकर विपक्षी पार्टियां नीतीश कुमार पर निशाना साध रही हैं और उन्हें ‘मानसिक रूप से अस्थिर’ बता रही हैं.

विपक्षी दलों ने साधा निशाना

विपक्षी पार्टियों कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल ने इस वाक़ये का वीडियो क्लिप शेयर करते हुए नीतीश कुमार पर निशाना साधा है. कांग्रेस ने अपने एक्स अकाउंट से वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा है, ”ये बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं. इनकी बेशर्मी देखिए. एक महिला डॉक्टर जब अपना नियुक्ति पत्र लेने आई तो नीतीश कुमार ने उनका हिजाब खींच दिया.”

कांग्रेस ने लिखा है, ”बिहार के सबसे बड़े पद पर बैठा हुआ आदमी सरेआम ऐसी हरकत कर रहा है. सोचिए- राज्य में महिलाएं कितनी सुरक्षित होंगी? नीतीश कुमार को इस घटिया हरकत के लिए तुरंत इस्तीफ़ा देना चाहिए. ये घटियापन माफ़ी के लायक नहीं है.” बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल ने लिखा है, ”नीतीश जी को यह क्या हो गया है? मानसिक स्थिति बिल्कुल ही अब दयनीय स्थिति में पहुंच चुकी है…”

मुख्यमंत्री नीतीश ने किया शेयर

इस विवाद से अलग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आधिकारिक एक्स अकाउंट से आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र देने के लिए आयोजित कार्यक्रम की तस्वीरें पोस्ट की गई हैं. इन तस्वीरों के साथ अपनी पोस्ट में सीएम नीतीश कुमार ने लिखा है, ”आज मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ में 1283 आयुष डॉक्टरों (आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक और यूनानी) के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में शामिल हुआ.” हालांकि इन तस्वीरों में हिजाब पहने वाली किसी महिला चिकित्सक की कोई तस्वीर नहीं है।

जदयू प्रवक्ता का बचाव

जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने मुख्यमंत्री का बचाव करते हुए कहा कि एक किसी ख़ास वीडियो क्लिप को विपक्षी पार्टियों की ओर से अनावश्यक रूप से नहीं उछाला जाना चाहिए. नीरज कुमार ने कहा, ”नीतीश कुमार ने बिहार में महिलाओं और अल्पसंख्यकों की भलाई के लिए बहुत किया है.”

इस मामले को लेकर देवबंदी मौलबी क़ारी इसहाक़ गोरा ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, ”इसे देखकर केवल मेरा ही नहीं पूरे देश की जनता का ख़ून खौल उठा होगा. नीतीश कुमार एक कार्यक्रम में एक महिला के नकाब को खींचते हुए नज़र आ रहे हैं. आप एक तरफ़ महिलाओं के सम्मान की बात करते हैं और दूसरी तरफ़ एक महिला का अपमान करते दिख रहे हैं. इस मामले में नीतीश कुमार को पूरे देश की महिलाओं से माफ़ी मांगनी होगी.”

spot_img

एयर नाऊ स्पेशल

देश का एआई हब बनने की तैयारी कर रहा...

न्यूज़ डेस्क : झारखंड. ये नाम सुनते ही दिमाग में सबसे पहले क्या आता है? कोयला, लोहे की खदानें, मिनरल्स या शायद आदिवासी संस्कृति....
- Advertisement -spot_img

सोशल मीडिया

25,000FansLike
40,000FollowersFollow
500FollowersFollow
113,000SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

ट्रेंडिंग ख़बर