Saturday, June 13, 2026

झारखंड हाइकोर्ट में शुक्रवार को अब होगी JSSC-CGL पेपर लीक मामले की सुनवाई, रिजल्ट प्रकाशन पर रोक रहेगी जारी

झारखंड : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा (CGL) में कथित पेपर लीक मामले की जांच को लेकर दायर याचिका पर झारखंड हाईकोर्ट में शुक्रवार को एक बार फिर सुनवाई होगी। बुधवार को हुई लंबी सुनवाई के बाद अदालत ने इस मामले को गुरुवार के लिए सूचीबद्ध किया था, लेकिन बहस के अधिक समय की संभावना को देखते हुए अब सुनवाई शुक्रवार (31 अक्टूबर) को तय की गई है।

कोर्ट में बुधवार को हुई लंबी बहस

बुधवार को मामले की सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से CBI जांच की मांग को लेकर विस्तृत बहस हुई। याचिकाकर्ता का कहना है कि परीक्षा में बड़े स्तर पर गड़बड़ी हुई है और राज्य की जांच एजेंसियां निष्पक्ष तरीके से जांच नहीं कर पा रही हैं। इसलिए मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपी जानी चाहिए।

राज्य सरकार की ओर से महाधिवक्ता राजीव रंजन और अधिवक्ता पीयूष चित्रेश अदालत में उपस्थित हुए। वहीं, JSSC की ओर से अधिवक्ता संजॉय पिपरवाल ने पक्ष रखा।

सरकार और आयोग की ओर से कहा गया कि राज्य की एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं और अब तक कई महत्वपूर्ण गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। इसलिए CBI जांच की जरूरत नहीं है।

कोर्ट ने रिजल्ट जारी करने पर रोक जारी रखी

हाईकोर्ट ने फिलहाल JSSC-CGL परीक्षा के रिजल्ट जारी करने पर लगी रोक (स्टे ऑर्डर) को बरकरार रखा है। अदालत ने कहा है कि जब तक मामले की जांच और सुनवाई पूरी नहीं हो जाती, तब तक रिजल्ट प्रकाशित नहीं किया जाएगा।

शुक्रवार को पहले नंबर पर होगी सुनवाई

कोर्ट ने इस मामले को शुक्रवार के लिए सूचीबद्ध किया है। बताया गया है कि यह केस पहले नंबर पर सुना जाएगा, ताकि सभी पक्ष अपनी दलीलें पूरी तरह से रख सकें।

क्या है पूरा मामला?

गौरतलब है कि JSSC-CGL परीक्षा 2024 के दौरान पेपर लीक होने की शिकायत सामने आई थी। इस मामले में CID ने कई अधिकारियों और अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है।

हाल ही में वित्त विभाग के प्रशाखा पदाधिकारी संतोष मस्ताना को भी इस केस में CID ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद अभ्यर्थियों और विपक्षी दलों ने परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए CBI जांच की मांग की थी।

JSSC-CGL पेपर लीक मामला अब हाईकोर्ट की सख्त निगरानी में है। अदालत की अगली सुनवाई शुक्रवार को होगी, जबकि फिलहाल रिजल्ट पर लगी रोक जारी रहेगी। अभ्यर्थियों की निगाहें अब पूरी तरह अदालत के फैसले पर टिकी हैं।

एयर नाउ स्पेशल

नेहरू से मोदी तक भारत के प्रधानमंत्री की पूरी...

न्यूज डेस्क: 15 अगस्त 1947 को भारत आजाद हुआ और संसदीय लोकतंत्र की स्थापना हुई। देश के शासन की कमान प्रधानमंत्री के हाथों में...
- Advertisement -spot_img

सोशल मीडिया

22,000FansLike
40,000FollowersFollow
500FollowersFollow
110,000SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग खबर