बिहार : बिहार विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने और दो तिहाई से भी ज्यादा 202 सीटें हासिल करने के बाद NDA एक बार फिर से नई सरकार बनाने की तैयारी में जुटी हुई है. सीएम पद के दावेदार में सबसे आगे जदयू अध्यक्ष व निवर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सबसे आगे हैं. वह रिकार्ड दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बन सकते हैं. इस बीच JDU के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा ने बताया है कि नीतीश कुमार को आज JDU विधायक दल और NDA विधायक दल का नेता चुना जाएगा. वहीं वर्तमान विधानसभा को भंग करने की अधिसूचना भी आज जारी होगी.
Highlights:
गांधी मैदान में 11:30 बजे शपथ ग्रहण समारोह
संजय कुमार झा ने कहा, “आज JDU विधायक दल की बैठक है, जिसमें नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुना जाएगा. दोपहर तीन बजे एनडीए विधायक दल की बैठक है, वहां उन्हें (नीतीश कुमार को) नेता चुना जाएगा. शाम को राज्यपाल से मिलकर सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. 20 नवंबर को गांधी मैदान में 11:30 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा.” इससे पहले मंगलवार को निवर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का जायज़ा लिया था.
नीतीश कुमार संग अन्य मंत्री भी लेंगे शपथ
बीजेपी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने भी यही बात दोहराई. उन्होंने कहा कि एनडीए विधायक दल की बैठक के बाद नीतीश कुमार राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे. संजय कुमार झा ने बताया कि इस समारोह में पीएम मोदी और दूसरे राज्यों के एनडीए के मुख्यमंत्री शामिल होंगे. कैबिनेट को लेकर सवाल किए जाने पर संजय कुमार झा ने कहा कि कल नीतीश कुमार के साथ अन्य लोग भी शपथ लेंगे.
इससे पहले मंगलवार को बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, “शपथ ग्रहण समारोह 20 नवंबर को होगा. नीतीश कुमार की ऐतिहासिक जीत के बाद एनडीए, सरकार बनाने जा रहा है. प्रधानमंत्री यहां होंगे. कई मुख्यमंत्री भी आएंगे.” उन्होंने बताया, “इसमें एनडीए-बीजेपी के नेता, सांसद, पदाधिकारी और विधायक शामिल होंगे. यह एक उत्साहपूर्ण शपथ ग्रहण समारोह है. बिहार के मुख्य सचिव, डीजीपी, पटना डीएम, राज्य प्रभारी और एनडीए नेता सभी यहां हैं और सुझाव दे रहे हैं. लेकिन यह सरकार का कार्यक्रम है.”
बीजेपी नेता नितिन नबीन ने बताया, “इस समारोह में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और अन्य केंद्रीय मंत्री भी शामिल होंगे. बिहार उत्सव की तरह इसका जश्न मनाएगा और मुख्यमंत्री खुद हर चीज़ की निगरानी कर रहे हैं.”
उपमुख्यमंत्री को लेकर बीजेपी नेता ने कहा
बिहार में बीजेपी विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है. बिहार की नई सरकार में कितने उपमुख्यमंत्री होंगे और कैबिनेट में किसे-किसे शामिल किया जाएगा, इस पर तमाम अटकलें लगाई जा रही हैं. इस बीच पटना में मीडिया के सवालों पर यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “जो होगा…जैसे-जैसे होता जाएगा…वैसे-वैसे आपको बताया जाएगा. बिहार और देश आगे बढ़ेगा. एनडीए मज़बूत है.”
Also Read : कन्नौज : लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराकर पलटी बस, 40 यात्री घायल
केंद्रीय राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी ने कहा, “आज विधानमंडल की बैठक है…एनडीए के सभी प्रमुख नेता और प्रधानमंत्री शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे…निश्चित रूप से नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार का विकास हुआ है और उन्होंने हर क्षेत्र में काम किया है.” केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा, “बिहार में हमारी प्रचंड बहुमत से जीत हुई है…उत्साह का माहौल है…कई नेता आएंगे और समारोह में शामिल होंगे…केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा कि उप मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री कौन होंगे.”


