कर्नाटक : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को केरल के दौरे पर रहे, जहां उन्होंने तिरुवनंतपुरम से विकास की कई अहम सौगातें दीं। केरल पहुंचते ही पीएम मोदी ने तीन ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ और एक पैसेंजर ट्रेन समेत कुल चार नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। इसके साथ ही उन्होंने PM स्वनिधि क्रेडिट कार्ड लॉन्च किया और कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।
तिरुवनंतपुरम में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने हाल ही में मेयर चुने गए वीवी राजेश को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से केरल में विकास को नई गति मिली है और राज्य की रेल कनेक्टिविटी पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हुई है। पीएम मोदी ने तिरुवनंतपुरम को देश का प्रमुख स्टार्टअप हब बनाने की दिशा में उठाए जा रहे कदमोंभारत का भी उल्लेख किया। इस कार्यक्रम में केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर भी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री ने नागरकोइल–मंगलुरु, तिरुवनंतपुरम–तांबरम और तिरुवनंतपुरम–चारलापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस के साथ-साथ त्रिशूर और गुरुवायूर के बीच नई पैसेंजर ट्रेन को रवाना किया। इन ट्रेनों के शुरू होने से केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के बीच लंबी दूरी और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे यात्रियों को सस्ती, सुरक्षित और समय पर यात्रा की सुविधा मिलेगी, वहीं टूरिज्म, व्यापार, शिक्षा और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
पीएम मोदी ने तिरुवनंतपुरम में पीएम स्वानिधि क्रेडिट कार्ड भी लॉन्च किया और एक लाख लाभार्थियों को लोन वितरित किए। उन्होंने कहा कि गरीबों के कल्याण के लिए केरल से एक नई शुरुआत हो रही है। यह यूपीआई-लिंक्ड, बिना ब्याज वाली रिवॉल्विंग क्रेडिट सुविधा स्ट्रीट वेंडर्स को तुरंत आर्थिक सहायता देगी और डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने साएसआईआर-एनआईआईएसटी इनोवेशन, टेक्नोलॉजी और एंटरप्रेन्योरशिप हब की नींव रखी, जो लाइफ साइंसेज, बायो-इकोनॉमी और ग्रीन टेक्नोलॉजी पर केंद्रित होगा।


