न्यूजरूम: जमशेदपुर में तीन ऐसे लोगों के नाम मतदाता सूची में दर्ज पाए गए, जिनके अफगानिस्तान के नागरिक होने की पुष्टि हुई है। यानी जिनका भारत की मतदाता सूची में नाम ही नहीं होना चाहिए था, वे न सिर्फ सूची में दर्ज थे, बल्कि SIR की प्रक्रिया के दौरान उनका न्यूमरेशन भी पूरा हो चुका था। मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने तीनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
Highlights:
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 286 की मतदाता सूची में तीन नाम सामने आए। ये नाम हैं आसिल खान, मोहम्मद असलम और मोहम्मद इब्राहिम। इन तीनों के नाम क्रमशः सीरियल नंबर 30, 31 और 33 पर दर्ज थे। SIR के तहत जब मतदाता सूची का पुनरीक्षण शुरू हुआ, तो इन नामों और दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान कुछ विसंगतियां सामने आईं। इसके बाद प्रशासन की तरफ से इन लोगों को नोटिस जारी किया गया।
यह भी पढ़ें:JPSC-JSSC महा-घोटाला: ख्यांगते के कारनामों से लेकर CID की शर्मनाक फजीहत की पूरी इनसाइड स्टोरी
संदेह से जांच तक
मामला सिर्फ दस्तावेजों में गड़बड़ी तक सीमित नहीं रहा। सत्यापन के दौरान इन तीनों के विदेशी नागरिक होने का संदेह सामने आया। इसके बाद जमशेदपुर के उपायुक्त राजीव रंजन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रांची स्थित पासपोर्ट कार्यालय से इनके पासपोर्ट और संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन कराया।
यानी प्रशासन ने यह पता लगाने की कोशिश की कि आखिर ये लोग भारतीय नागरिक हैं या किसी दूसरे देश के नागरिक। जांच के बाद पासपोर्ट कार्यालय की ओर से जिला प्रशासन को जानकारी दी गई। डेटाबेस में उपलब्ध जानकारी के आधार पर इन तीनों को अफगान नागरिक पाए जाने की बात सामने आई।
भारतीय मतदाता सूची तक कैसे पहुंचे?
इसके बाद इनके मतदाता सूची में शामिल होने की प्रक्रिया को रद्द कर दिया गया। अब प्रशासन की नजर इस बात पर है कि आखिर विदेशी नागरिकों के नाम भारतीय मतदाता सूची तक कैसे पहुंचे? प्रशासन के अनुसार, मामले में फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल की आशंका सामने आई है। यही वजह है कि अब तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। जालसाजी और संबंधित नियमों के उल्लंघन के एंगल से पूरे मामले की जांच की जा रही है।
हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि फर्जी दस्तावेज किसने तैयार किए, इनका इस्तेमाल कैसे हुआ और इस पूरी प्रक्रिया में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं।


