हजारीबाग: वर्षों से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे आरोपितों के खिलाफ हजारीबाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कटकमसांडी थाना कांड संख्या 177/19 में लंबे समय से फरार चल रहे टीपीसी के एरिया कमांडर बलवंत जी उर्फ छोटू कुमार समेत दो आरोपितों को पुलिस की विशेष टीम ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों की गिरफ्तारी बीती रात चलाए गए विशेष अभियान के दौरान हुई।
Highlights:
इसे भी पढ़ें: अमन साहू गैंग के नाम पर एनटीपीसी अधिकारी से रंगदारी मांगने का आरोप, फरार अभियुक्त दिवाकर तिवारी गिरफ्तार
रेलवे साइडिंग में आगजनी से जुड़ा है मामला
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2019 में कटकमसांडी रेलवे साइडिंग में आगजनी तथा हाईवा वाहन में आग लगाने की घटना को लेकर मामला दर्ज किया गया था। कांड में भारतीय दंड विधान की विभिन्न धाराओं के साथ सीएलए एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग ने फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष निर्देश जारी किए थे।
निर्देश के आलोक में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में बलवंत जी उर्फ छोटू कुमार, पिता ननकू यादव, ग्राम पचमू, थाना हंटरगंज, जिला चतरा तथा गिरेंद्र, पिता लालधारी साह, ग्राम दुआरी, थाना गिद्धौर, जिला चतरा शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार बलवंत जी उर्फ छोटू कुमार के खिलाफ कटकमसांडी, गिद्धौर, इटखोरी, पथलगड्डा, सिमरिया, मयूरहंड और बालूमाथ थाना क्षेत्रों में कई मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी, आगजनी, हथियार अधिनियम और सीएलए एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज होने का उल्लेख पुलिस रिकॉर्ड में है। वहीं दूसरे गिरफ्तार आरोपित गिरेंद्र का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। उसके खिलाफ टंडवा, चतरा सदर और गिद्धौर थाना क्षेत्रों में विभिन्न मामले दर्ज हैं।


