दिल्ली: संसद के बजट सत्र का सोमवार को 9वां दिन भी हंगामे के साथ शुरू हुआ। विपक्ष लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने का मौका देने की मांग पर अड़ा रहा, जबकि लोकसभा स्पीकर ने प्रश्नकाल के बाद बोलने की बात कही। बात नहीं बनने पर हंगामा बढ़ता गया और अंततः सदन को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा।
इससे पहले शुक्रवार को बजट सत्र के 8वें दिन भी भारी हंगामा हुआ था। उस दिन लोकसभा की कार्यवाही तीन बार स्थगित करनी पड़ी थी। वहीं, राज्यसभा को भी शुक्रवार को हंगामे के चलते सोमवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया था।
सोमवार को राज्यसभा में भी हंगामे की संभावना जताई जा रही है। शुक्रवार को प्रश्नकाल के दौरान राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के बीच तीखी बहस हुई थी। बहस की वजह राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू रहे। बिट्टू ने 2024 लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। इसी मुद्दे पर संसद परिसर में राहुल गांधी ने उन्हें ‘गद्दार’ कह दिया था, जिसके बाद सियासी विवाद और तेज हो गया।


