रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग ने झारखंड पात्रता परीक्षा 2024 में 43 विषयों के अलावा अन्य आठ कोर विषयों के साथ इनके 15 एलाइड विषय को शामिल किया है. वहीं आयोग ने फिर फॉर्म भरने की तिथि बढ़ा दी है. पूर्व में फॉर्म भरने की तिथि 17 नवंबर तक निर्धारित थी अब ऑनलाइन फॉर्म एक दिसंबर तक भर सकेंगे तो वहीं परीक्षा शुल्क दो दिसंबर तक जमा हो सकेंगे. इसी तरह ऑनलाइन फॉर्म में संशोधन के लिए विंडो तीन दिसंबर से पांच दिसंबर तक खुले रहेंगे.
Highlights:
नये विषयों के लिए दिशा-निर्देश जारी
आयोग ने शामिल किये गये विषयों के लिए आवश्यक निर्देश जारी किये हैं. इसमें कहा गया है कि एलाइड विषय के अभ्यर्थी संबंधित कोर विषय के विषयों में सीएसआइआर-यूजीसी/यूजीसी नेट, अन्य राज्य के विवि, केंद्रीय विवि व इंस्टीट्यूट ऑफ नेशनल इंपोर्टेस द्वारा चिह्नित एलाइड विषय के आधार पर परीक्षा देने की योग्यता रखते हैं. एलाइड विषय वाले निर्धारित तिथि तक फॉर्म भर सकते हैं. जो अभ्यर्थी पूर्व में आवेदन कर चुके हैं, वे एलाइड विषय के अनुसार ऑनलाइन फॉर्म में सुधार करना चाहते हैं, तो वे संशोधन विंडो में निर्धारित तिथि तक सुधार कर सकते हैं.
जेट में 15 नये विषय शामिल
नयी अधिसूचना के मुताबिक कोर विषय लाइफ साइंस (कोड 703) के तहत एलाइड विषय में बायोटेक्नोलॉजी, माइक्रोचाँयोलॉजी इन लाइफ साइंस बायोइंफॉर्मेटिक्स व बायोटेक्नोलॉजी, लाइफ साइंस बायोकेमिस्ट्री, बायो साइंस को शामिल किया गया है.
इसी प्रकार इतिहास (कोड 06) में एलाइड विषय के रूप में आर्कियोलॉजी को, लेबर एंड सोशल वेलफेयर (सोशल वर्क) (कोड 55) के तहत एलाइड विषय के रूप में रूरल डेवलपमेंट विषय को, होम साइंस (कोड 12) के तहत एलाइड विषय में सीएनडी, टेक्सटाइल एंड फैशन डिजाइनिंग विषय को, फिजिकल साइंस (फिजिक्स) (कोड 705) के तहत एलाइड विषय में इलेक्ट्रॉनिक्स साइंस को शामिल किया गया है.
कोर विषय भूगर्भशास्त्र (कोड 702) के तहत एलाइड विषय में जियोफिजिक्स इन अर्थ, एटमॉसफेरिक, ओसिएन एंड प्लानेटरी साइंस, परफॉर्मिंग आर्ट डांस/ड्रामा/थिएटर (कोड 65) के तहत एलाइड विषय में थिएटर आर्ट तथा कंप्यूटर साइंस एंड एप्लीकेशन (कोड 87) के तहत एलाइड विषय में कंप्यूटर एप्लीकेशन विषय को भी शामिल कर लिया गया है.


