रांची : झारखंड में नगर निकाय आम निर्वाचन 2026 को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। हालांकि चुनाव की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार चुनाव फरवरी के अंत या मार्च के पहले सप्ताह में होने की संभावना है। इसी बीच राज्य निर्वाचन आयोग ने मेयर/अध्यक्ष और वार्ड पार्षद पदों के लिए चुनाव चिह्नों की अधिसूचना जारी कर दी है। झुमरीतिलैया नगर परिषद, कोडरमा और डोमचांच सहित राज्य की सभी नगरपालिकाओं में अध्यक्ष और पार्षद पदों के लिए अलग-अलग प्रतीक निर्धारित किए गए हैं।
Highlights:
राज्य निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया कि निर्वाची पदाधिकारी द्वारा एक बार आवंटित प्रतीक अंतिम और मान्य होगा और किसी भी तरह का परिवर्तन आयोग की पूर्व स्वीकृति के बिना नहीं किया जा सकेगा। चुनाव चिह्नों की घोषणा के बाद राजनीतिक पार्टियों और स्वतंत्र उम्मीदवारों में उत्साह बढ़ गया है। राजनीतिक दल अब अपने चुनाव चिह्नोंके आधार पर प्रचार और जनसंपर्क की रणनीति बनाने में जुट गए हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार इन प्रतीकों का चुनावी सफलता पर भी असर पड़ सकता है, क्योंकि छोटे से प्रतीक से भी मतदाता जुड़ाव महसूस करते हैं। झुमरीतिलैया और कोडरमा में नगर निकाय चुनाव 2026 अब मतदाताओं और उम्मीदवारों दोनों के लिए चर्चाओं का मुख्य विषय बन गया है, और प्रतीकों की सूची ने इसे और भी रोचक और रंगीन बना दिया है।
मेयर पद के लिए ये सिंबल तय
मेयर/अध्यक्ष पद के लिए एयर कंडीशनर, छड़ी, चूड़ियां, बैटरी टॉर्च, बेंच, बिस्कुट, कंप्यूटर माउस, फव्वारा, रूम कूलर, आइसक्रीम, जूता, कूदने की रस्सी, रूम हीटर, सिलाई मशीन, ड्रिल मशीन और 50 से अधिक अन्य प्रतीक तय किए गए हैं।
वार्ड पार्षद पदों के लिए ये सिंबल
वार्ड पार्षद पदों के लिए अलमारी, बेबी वॉकर, बल्ला, मोतियों का हार, साइकिल पंप, डबल रोटी, ब्लैक बोर्ड, चारपाई, स्टूल, लंच बॉक्स, माइक, पैंट, रोड रोलर, रूम हीटर, सिलाई मशीन, मिक्सर ग्राइंडर और अन्य कई प्रतीक घोषित किए गए हैं।
यदि किसी वार्ड या नगर क्षेत्र में प्रत्याशियों की संख्या तय चिह्नों से अधिक होती है, तो सुरक्षित प्रतीक जैसे सेब, गुब्बारा, बेल्ट, लैपटॉप, रेफ्रिजरेटर, प्रेशर कुकर, रोबोट, स्कूल का बस्ता, फूलदान आदि आवंटित किए जाएंगे।


