रांची : मंगलवार को झारखंड विधानसभा में बजट पेश करने के बाद झारखंड प्रोजेक्ट भवन में सीएम हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में राज्य कैबिनेट की बैठक हुई, जिसमें सभी मंत्री उपस्थित हुए. मिली जानकारी के अनुसार कैबिनेट की बैठक में 22 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. राज्य में नगर निकाय चुनाव के कारण लागू आदर्श आचार संहिता के कारण कैबिनेट बैठक में लिए गए फैसलों को लेकर प्रेस ब्रीफिंग नहीं हुई.
Highlights:
सरकार से जुड़े सूत्रों के अनुसार कैबिनेट की बैठक में कई अहम फैसले लिए, जिनमें प्राइवेट नर्सिंग कॉलेजों में नामांकित छात्रों को परीक्षा में बैठने की अनुमति देना शामिल है. इसके अलावा, नेतरहाट आवासीय विद्यालय के सभापति के लिए योग्यता निर्धारित की गई. चाईबासा में अबुआ आवास निर्माण के प्रस्ताव को स्थगित कर दिया गया है. ग्रामीण विकास विभाग को नये सिरे से प्रस्ताव देने का निर्देश दिया है. सीएम ने कहा अबुआ आवास निर्माण में स्थानीय लोगों के रहन-सहन और भवन निर्माण संबंधी मैटेरियल का उपयोग किया जाए.
नेतरहाट विद्यालय के नियमों में बदलाव
जानकारी के अनुसार सरकार ने नेतरहाट आवासीय विद्यालय के संचालन में बदलाव किया है. अब सभापति के लिए योग्यता निर्धारित कर दी गई है, जिसमें कला, संस्कृति, विज्ञापन, प्रबंधन या अन्य क्षेत्रों में 10 वर्ष का अनुभव जरूरी होगा. इसके अलावा, विद्यालय के प्राचार्य, उप प्राचार्य, शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मियों की नियुक्ति जेपीएससी या जेएसएससी के माध्यम से होगी.
अन्य फैसलों में प्राइवेट नर्सिंग कॉलेजों में नामांकित छात्रों को परीक्षा में बैठने की अनुमति, साइंस सिटी विकास के विकास के लिए 255 करोड़ के खर्च की प्रशासनिक स्वीकृति के साथ साथ चाईबासा जिले में मनोहरपुर में 11 किलोमीटर सड़क सहित अन्य दो सड़कों के निर्माण की स्वीकृति दी गई है.


