IND W vs AUS W: भारतीय महिला क्रिकेट के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती, सेमीफाइनल के लिए ऑस्ट्रेलिया का किला भेदना होगा
Highlights:
भारतीय महिला क्रिकेट टीम अब उस मोड़ पर खड़ी है, जहां सेमीफाइनल का रास्ता तो खुला है लेकिन आगे बढ़ने के लिए उसे दुनिया की सबसे मजबूत टीमों में से एक ऑस्ट्रेलिया को हराना होगा। बांग्लादेश के खिलाफ शानदार जीत ने टीम इंडिया की उम्मीदों को नई उड़ान दी है, लेकिन असली परीक्षा अभी बाकी है। दरअसल, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली हार ने भारतीय टीम की सेमीफाइनल की राह मुश्किल बना दी थी। उसी मुकाबले के बाद टीम की स्थिति जोड़-घटाव पर निर्भर हो गई। हालांकि, बांग्लादेश के खिलाफ जीत के बाद भारतीय टीम ने न सिर्फ अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत की है बल्कि करोड़ों भारतीय फैंस को भी राहत की सांस लेने का मौका दिया है।

IND W vs AUS W: 28 जून को होगा महामुकाबला
अब सबकी निगाहें 28 जून को होने वाले भारत और ऑस्ट्रेलिया के महामुकाबले पर टिकी हैं। यह मैच भारतीय टीम के लिए किसी फाइनल से कम नहीं होगा। अगर हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम को सेमीफाइनल की दौड़ में मजबूती से बने रहना है, तो उसे कंगारू टीम के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। आपको बता दे कि ऑस्ट्रेलिया फिलहाल अंक तालिका में पहले स्थान पर है।
IND W vs AUS W: इन खिलाड़ियों पर होगी खास नज़र
बल्लेबाजी में स्मृति मंधाना, हरमानप्रीत कौर और जेमिमा रोड्रिग्स पर सबसे बड़ी जिम्मेदारी होगी। ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ जीत दर्ज करने के लिए भारत को बड़ा स्कोर खड़ा करना पड़ सकता है। वही गेंदबाजी विभाग में श्री चरणी से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। उनका साथ नंदनी शर्मा और राधा यादव देंगी, जिनकी भूमिका ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी को रोकने में बेहद अहम रहने वाला है।
भारतीय टीम ने अबतक संघर्ष करते हुए खुद को इस मुकाम तक पहुंचाया है, लेकिन अब आगे की राह आसान नहीं है। 28 जून का मुकाबला ये तय करेगा कि टीम इंडिया सेमीफाइनल की ओर मजबूत कदम बढ़ाएगी या उसका सफर और मुश्किल हो जाएगा। क्रिकेट प्रेमियों की नजरें अब इसी हाई-वोल्टेज मुकाबले पर टिकी है।




