रांची: जेल में बंद निलंबित आईएएस विनय कुमार चौबे के आय से अधिक संपत्ति से जुड़े केस में एसीबी ने मंगलवार को चौबे की पत्नी स्वपना संचिता और नेक्सजेन के संचालक विनय सिंह से पूछताछ की। स्वपना संचिता से उनके आवास पर ही पूछताछ की गई, जबकि विनय सिंह से एसीबी की टीम ने हजारीबाग जेल जाकर पूछताछ की। एसीबी के अधिकारियों के मुताबिक, स्वपना संचिता एसीबी के सवालों का जवाब नहीं दे रही हैं, ऐसे में उनसे बुधवार को भी पूछताछ होगी। वहीं विनय सिंह से भी बुधवार को कोर्ट के आदेश पर दूसरे दिन पूछताछ होनी है।
Highlights:
किन सवालों का जवाब नहीं दे पायीं स्वपना संचिता
एसीबी अधिकारियों के अनुसार मेसर्स ब्रह्मास्त्र एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में तत्कालीन डीसी विनय कुमार चौबे के साले शिपिज त्रिपाठी और पत्नी स्वप्ना संचिता निदेशक हैं। 1 अप्रैल 2010 से 09 जुलाई 2015 के बीच इस कंपनी (ब्रह्मास्त्र) के खाते में लगभग 3.16 करोड़ रुपए नकद जमा किए गए थे। इन पैसों के स्रोत के संबंध में स्वपना जवाब नहीं दे पा रही हैं। एसीबी को अंदेशा है कि विनय कुमार चौबे के भ्रष्टाचार से अर्जित अवैध राशि को कंपनी के खाते में जमा कराया गया।
वहीं विनय सिंह की कंपनी मेसर्स नेक्सजेन सॉल्यूशन टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विनय कुमार चौबे की पत्नी के खाते में 72,97,500 रुपए का भुगतान किया गया था। इसे भी एसीबी मनी ट्रेल का हिस्सा मान रही। हालांकि स्वपना संचिता ने इस भुगतान को कंसल्टेंसी फीस बताया है। विनय कुमार चौबे के ब्लेयर अपार्टमेंट के फ्लैट को ससुर एसएन त्रिवेदी को देने और अशोकनगर में 20 डिसमिल जमीन खरीद के विषय में भी स्वपना संचिता से पूछताछ की गई।
पत्नी का सुराग भी तलाश रही एसीबी
विनय सिंह से एसीबी ने शराब घोटाले में अवैध तरीके से उगाही के पांच करोड़ का हिसाब किताब मांगा। इन पैसों का निवेश कहां हुआ, इन पहलुओं पर पूछताछ की गई। वहीं विनय सिंह से उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह के संभावित ठिकानों के विषय में भी पूछा गया। हालांकि विनय सिंह ने इस सवालों का जवाब नहीं दिया।


