रांची: बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दाब वाले चक्रवात के कारण झारखंड के कई जिलों में जारी बारिश का असर अगले चार-पांच दिनों तक जारी रहने की आशंका मौसम विभाग ने जताई है. मौसम विभाग ने आज गुरुवार को राज्य के 6 जिलों पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, हजारीबाग और कोडरमा में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है. विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले कुछ दिनों तक राज्य में लगातार बारिश, तूफान का दौर जारी रहेगा. जिसे खास तौर पर लोगों को सावधान रहने की हिदायत दी गई है.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : नेपाल में बाढ़ से भारी तबाही, 159 लोगों की मौत और हजारों पर्यटक लापता
रक्षाबंधन के दिन बारिश
मौसम विभाग ने शुक्रवार 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन भी कई जिलों में बारिश बोने की संभावना जताई है. इनमें चतरा, हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह में भारी बारिश के साथ वज्रपात की भी चेतावनी है. वहीं 29 अगस्त शनिवार को दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को वज्रपात होने की आशंका के मद्देनजर सावधान रहने की भी हिदायत दी है. विभाग की मानें तो अगले चार-पांच दिनों तक झारखंड के लोगों को बारिश, वज्रपात और आंधी-तूफान से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है.
झारखंड में 10% कम बारिश
झारखंड में मानसून की रफ्तार उम्मीद के मुताबिक नहीं रही है. राज्य में अब तक सामान्य बारिश का आंकड़ा पूरा नहीं हो पाया है. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 1 जून से 26 अगस्त तक झारखंड में सामान्य तौर पर 759.1 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, जबकि इस अवधि में सिर्फ 679.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है. यानी राज्य में बारिश सामान्य से करीब 10 प्रतिशत कम है.


