रांची : 12 अप्रैल को हुए उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा मामले में पेपर लीक गिरोह के सदस्यों के साथ गिरफ्तार सैकड़ों अभ्यर्थियों में से 60 से ज्यादा आरोपियों की जमानत याचिका पर सोमवार को सुनवाई हुई. सिविल कोर्ट के अपर न्याययुक्त योगेश कुमार की अदालत में हुई सुनवाई के दौरान पुलिस को केस डायरी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया. मामले में अगली विस्तृत सुनवाई 25 अप्रैल को होगी.
इसे भी पढ़ें : लातेहार में शादी में आई नाबालिग संग सामूहिक दुष्कर्म में 4 आरोपी गिरफ्तार, पांचवें की तलाश जारी
बता दें कि रांची पुलिस ने बीते 11 अप्रैल को तमाड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर कथित पेपर लीक की आशंका में 164 लोगों को एक निर्माणाधीन घर से गिरफ्तार किया था और बाद में मामले में आवश्यक छानबीन कर उन्हें जेल भेज दिया गया था. इस मामले में 7 महिलाएं समेत 159 अभ्यर्थी थे। जांच के दौरान ही यह खुलासा हुआ था कि मामले में इस दौरान गिरफ्तार अतुल वत्स पूर्व में भी कई पेपर लीक मामलों में शामिल रह चुका है.
अतुल वत्स के अलावा पुलिस ने विकास कुमार, शेर सिंह, आशीष कुमार और योगेश प्रसाद को भी गिरफ्तार किया है, जो उसके सहयोगी है. इस पूरे धांधली के खिलाफ तमाड़ थाना में कांड संख्या 21/2026 के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है.


