क्राइम डेस्क : उत्तर प्रदेश के शामली ज़िले में बुधवार शाम यूट्यूबर और हरियाणवी गायक अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस के मुताबिक़, अज्ञात हमलावरों ने जिम से बाहर निकलते समय अंकित बालियान पर कई राउंड फ़ायरिंग की. हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई. न्यूज़ एजेंसी पीटीआई ने पुलिस के हवाले से बताया कि हमलावर दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पहुंचे थे.
Highlights:
इसे भी पढ़ें: झारखंड हाईकोर्ट का नियुक्ति परीक्षा रद्द मामले पर रोक लगाने से इंकार, राज्य सरकार से मांगा जवाब
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. शामली के पुलिस अधीक्षक एमपी सिंह ने बताया कि अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं. घटनास्थल और आसपास के इलाक़े में लगे सीसीटीवी कैमरों की फ़ुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है. पुलिस फिलहाल चुनावी रंजिश और हरियाणा में म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े विवादों समेत विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।
लारेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी
लारेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गोगी गैंग के शूटर भोलू शाहपुरिया निवासी सोनीपत ने हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या की जिम्मेदारी ली है। भोलू ने गुरुवार सुबह इंस्टाग्राम पर यह पोस्ट साझा की। साथ ही वेट एंड वाच भी लिखा है।
यूट्यूब पर लोकप्रिय अंकित बालियान
अंकित बालियान यूट्यूब पर लोकप्रिय थे और उनके चैनल के 3.66 लाख से अधिक सब्सक्राइबर बताए जा रहे हैं. वह अपने वीडियो में गायक और कलाकार के तौर पर नज़र आते थे और अलग-अलग कलाकारों के साथ काम करते थे. उनके कई वीडियो में बंदूक़, हथियार और एसयूवी भी दिखाई देती थीं.
अखिलेश यादव ने उठाए सवाल
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अंकित बालियान की हत्या की कड़ी निंदा की है. उन्होंने उत्तर प्रदेश की क़ानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस घटना से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल पैदा हो गया है.

