मुंबई : पिछले साल महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप और इस साल अपनी कप्तानी में भारत को एशियन गेम्स-2026 में गोल्ड मेडल दिलाने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने तीनों फॉर्मेट की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने मंगलवार को इंस्टाग्राम पर एक बयान जारी कर यह ऐलान किया। हरमनप्रीत कौर ने मिताली राज के बाद टीम की कप्तानी संभाली थी।
Highlights:
इसे भी पढ़ें : CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर इंडिया ब्लॉक का संसद से चुनाव आयोग तक मार्च, राहुल व अखिलेश समेत कई नेता हिरासत में
यह फैसला आसान नहीं
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए अपने पोस्ट में हरमनप्रीत ने लिखा कि उनके लिए यह फैसला आसान नहीं था। उन्होंने लिखा, “आज, मैं तीनों फॉर्मेट में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी से इस्तीफा देती हूं। यह आसान फैसला नहीं रहा है। इसमें वो सारी यादें, पल, भावनाएं और बलिदान हैं जो जीवन भर मेरे साथ रहेंगे।”
उन्होंने लिखा, “मेरे पास जो था वो मैंने इस टीम और भारतीय महिला क्रिकेट को दिया है- मेरा खून, मेरा पसीना, मेरा समय, कई बार, मेरे खेल का हिस्सा और मेरी जिंदगी का लक्ष्य। कई ऐसे पल आए जब मैंने अपनी निजी उपलब्धियों, निजी ग्रोथ, जो मैं अपने लिए चाहती थी उसे अलग रखा क्योंकि मेरा मानना था कि टीम पहले आती है।”
कप्तानी में लिए मुश्किल फैसले
हरमनप्रीत ने लिखा कि उन्होंने कप्तानी के दौरान कई बार मुश्किल फैसले लिए, ऐसे फैसले जिन्हें हर बार समझा नहीं गया। उन्होंने कहा कि उनका मकसद सिर्फ टीम की बेहतरी था। उन्होंने लिखा, “एक कप्तान के तौर पर मुझे मुश्किल फैसले लेने पड़े। वो फैसले जिन्हें हर बार समझा नहीं गया, जो हमेशा आसान नहीं थे और कई बार व्यक्तिगत नुकसान का कारण बने, लेकिन मैंने हर फैसला एक ही मंशा से लिया- टीम को बेहतर बनाने और दूसरी खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका देने के लिए, उनमें विश्वास दिखाया और उनको उनका सर्वश्रेष्ठ रूप दिया।”
सफर जारी रहेगा
हरमनप्रीत कौर ने अपने इंस्टाग्राम पर लंबा पोस्ट लिखा है। उन्होंने लिखा है कि भले ही वह भावुक होते हुए कप्तानी छोड़ रही हैं, लेकिन अंदर से वह शांत महसूस कर रही हैं। हरमनप्रीत ने लिखा कि उन्होंने अपना काम किया। अपनी पोस्ट में उन्होंने टीम की साथी खिलाड़ियों, कोच, सपोर्ट स्टाफ, मैनेजमेंट, बीसीसीआई और अपने परिवार को शुक्रिया कहा। पोस्ट के अंत में हरमनप्रीत ने लिखा, “कप्तानी का अध्याय खत्म, लेकिन सफर जारी है।”


