ग्वालियर: मोमोज की प्लेट में संख्या कम होने की शिकायत करना एक छात्र को भारी पड़ गया. मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि ठेले वाले ने कड़ाही में रखा खौलता तेल छात्र के ऊपर फेंक दिया. घटना में 18 साल का छात्र गंभीर रूप से झुलस गया. उसका चेहरा और कान बुरी तरह जल गए हैं. पुलिस ने आरोपी ठेले वाले के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
Highlights:
इसे भी पढ़े: मुंबई के गोरेगांव Film City में आग, ‘पति पत्नी और पंगा 2’ का सेट जला, FIR की मांग तेज
20 रुपये के मोमोज से शुरू विवाद
मामला हजीरा थाना क्षेत्र के पुरानी रेशम मिल चौराहे का है. जानकारी के मुताबिक 18 वर्षीय शिवा उर्फ चेतन भदौरिया अपने दोस्तों गोलू खान और विकास राजपूत के साथ जिम जाने के लिए निकला था. रास्ते में तीनों अंकित के मोमोज के ठेले पर रुक गए. शिवा ने 20 रुपये के मोमोज का ऑर्डर दिया. जब उसे प्लेट मिली तो उसमें मोमोज कम दिखाई दिए. इस पर उसने ठेले वाले से इसकी शिकायत की. इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई.
पहले गाली-गलौज, फिर फेंका खौलता तेल
बताया जा रहा है कि शिकायत करने पर ठेले वाला अंकित गुस्सा हो गया. दोनों के बीच कहासुनी बढ़ी तो आरोपी ने छात्र के साथ गाली-गलौज की. शिवा ने इसका विरोध किया तो मामला और बिगड़ गया. आरोप है कि अंकित ने पहले छात्र को धक्का दिया और फिर कड़ाही में रखा खौलता तेल उठाकर सीधे शिवा पर फेंक दिया. तेल गिरते ही छात्र दर्द से चीखने लगा. उसके चेहरे और कान पर गंभीर जलने के निशान आए हैं.
दोस्तों और राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. शिवा के दोस्तों और आसपास मौजूद लोगों ने उसे संभाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. वहीं वारदात के बाद आरोपी अपना ठेला छोड़कर मौके से फरार हो गया. घटना की जानकारी मिलने पर हजीरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी अंकित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है. मोमोज को लेकर शुरू हुआ विवाद इतनी गंभीर घटना में बदल गया कि एक छात्र को अस्पताल पहुंचना पड़ा. फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.


