पलामू: जिले में बुधवार देर रात हुई एक सड़क दुर्घटना में चतरा जिले के दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस के अनुसार मृतक मनोज तुरी(26) और प्रेम भारती (25) चतरा जिले के प्रतापपुर थानान्तर्गत कसमार गांव के रहने वाले थे। मनोज तुरी अपने मित्र प्रेम भारती के साथ पलामू जिले के मनातू थानान्तर्गत डुमरी ससुराल आए थे, जहां से लौटते वक्त उनकी मोटर साइकिल थाना के नजदीक दुर्घटना ग्रस्त हो गई, जिससे दोनों की मौत हो गई।
लेस्लीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोज कुमार झा ने बताया कि दोनों को स्थानीय लोगों के सहयोग से तुरंत इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने इन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि एक बाईक पर चार युवक सवार थे, तेज रफ्तार से चलने से बाईक फिसलकर सड़क पर पलट गई, जिससे यह दुर्घटना हुई। घटना में दो अन्य युवक घायल हो गए, जिनका इलाज एमएमसीएच में चल रहा है, जहां इनके स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

