जामताड़ा : जामताड़ा में साइबर अपराध और मोबाइल छिनतई के खिलाफ पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक तरफ जंगल की आड़ में बैठकर लोगों के बैंक खातों पर सेंध लगाने वाले चार साइबर अपराधियों को दबोचा गया, तो दूसरी ओर मोबाइल छिनतई के मामले में दो आरोपियों को वाहन चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया।
Highlights:
करमाटांड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने सकलपुर से गोपालपुर जाने वाली सड़क के किनारे पलास जंगल में छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, यहां साइबर ठगी की तैयारी कर रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फारूक अंसारी (25), समसुद्दीन अंसारी (30), जानी बाबू (22) और कलीम अंसारी (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 8 मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
इसे भी पढ़ें : जयपुर में दो केंद्रों पर 5 सितंबर को फिर आयोजित होगी नीट-पीजी 2026, जानिए ये है वजह
YONO के नाम पर ठगी का खेल
पुलिस के मुताबिक, आरोपी बैंकिंग सेवा से जुड़े YONO ऐप को चालू कराने के नाम पर लोगों को फोन करते थे। बातचीत के दौरान उन्हें व्हाट्सऐप और स्क्रीन शेयरिंग ऐप का इस्तेमाल करने के लिए तैयार किया जाता था। इसके बाद पीड़ित के मोबाइल की स्क्रीन शेयर कराकर YONO यूजर आईडी और पासवर्ड हासिल करने की कोशिश की जाती थी। OTP हाथ लगते ही कथित तौर पर नेट बैंकिंग के जरिए बैंक खाते से रकम निकाल ली जाती थी। यानी फोन की दूसरी तरफ भरोसे की आवाज और मोबाइल स्क्रीन के दूसरी तरफ बैंक खाते पर नजर—ठगी का पूरा खेल डिजिटल तरीके से चलाया जा रहा था।
मोबाइल झपटने वालों पर शिकंजा
इधर पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई मोबाइल छिनतई के मामले में की। 27 अगस्त को शांतिनगर निवासी मोनिका कुमारी से मोबाइल छिनतई की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान मिशन चौक के पास वाहन चेकिंग के दौरान पल्सर बाइक सवार दो युवकों को पुलिस ने पकड़ा। उनकी पहचान राहुल सिंह और दिनेश दास, दोनों निवासी पियरसोल, थाना चितरा, जिला देवघर के रूप में हुई। पुलिस ने उनके पास से दो स्मार्टफोन और घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (JH21M3828) बरामद की है। पूछताछ में दोनों ने मोबाइल छिनतई की घटना स्वीकार की है।

