चतरा: बीते 11 मार्च की सुबह महेन्द्र गंझू के घर पर हुई फायरिंग की घटना में शामिल प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीपीसी के 5 उग्रवादियों को पुलिस ने जिले के पिपरवार थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि बेंती मैदान के पास टीपीसी के कुछ उग्रवादी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से एकत्रित हुए हैं.
इस सूचना के बाद विशेष रूप से गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और मौके से सभी पांचों उग्रवादियों को धर दबोचा. गिरफ्तार किए गए उग्रवादी मुख्य रूप से चतरा और रांची जिले के रहने वाले हैं. जिनमें सुरेंद्र कुमार उर्फ लंबू, अशोक कुमार गंझू, हरीश महतो, सूरज कुमार भुइयां और रोनित कुमार गंझू शामिल है.
इनके पास से पुलिस ने अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, लेवी वसूलने के पर्चे और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है. पूछताछ में पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी महत्वपूर्ण सुराग हासिल करने में जुटी है ताकि जल्द से जल्द गिरफ्तारी हो सके.


