धनबाद : धनबाद के झारुडीह में गुरुवार रात फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। शराब पार्टी के बाद पूर्व कांग्रेस नेता सुरेश सिंह हत्याकांड के गवाह देवेंद्र सिंह ने अपने ही फ्लैट में रहने वाले राकेश झा और उनकी पत्नी पर फायरिंग कर दी, हालांकि दंपति बाल-बाल बच गये लेकिन गोली पास में खड़ी एक गाड़ी में जा लगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजेश झा की पत्नी कंचन झा ने बताया कि आरोपी देवेंद्र सिंह, जो उसी अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर रहता है, नशे की हालत में उनके पति के पास आया। उसने बंदूक उनके कान के पास सटाकर गोली चला दी। कंचन झा उस समय पीछे खड़ी थीं और वह भी सुरक्षित बच गईं। घायल राजेश झा ने बताया कि वह खाना खा रहे थे, तभी उन्हें नीचे से हंगामे की आवाज सुनाई दी। जब वह नीचे पहुंचे, तो देखा कि आरोपी उनके ड्राइवर के साथ मारपीट कर रहा था। राजेश झा के विरोध करने पर आरोपी ने उनके कान के पास बंदूक सटाकर गोली चला दी। घटना के बाद दोनों किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई।
फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही धनबाद थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने अपार्टमेंट की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान, आरोपी देवेंद्र सिंह के फ्लैट से जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस फायरिंग के कारणों और आरोपी की भूमिका की गहन जांच कर रही है, साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह मामला आपसी विवाद का है या किसी पुरानी रंजिश से जुड़ा है।


