खूंटी । खूंटी जिले के मारंगहादा थाना क्षेत्र में 14 नवंबर की रात हुए बुजुर्ग दंपती हत्याकांड ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया था। 66 वर्षीय कानू मुंडा और उनकी 64 वर्षीय पत्नी गौरी देवी की उनके घर के अंदर धारदार हथियारों से की गई निर्मम हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। मारंगहादा पुलिस ने इस डबल मर्डर के मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
ताने और गाली-गलौज बनी मौत की वजह
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान लांदूप (नीचे टोली) के कांडे नाग और जयलाल मुंडा के रूप में हुई है। डबल मर्डर का खुलासा करते हुए डीएसपी वरुण रजक ने बताया कि यह हत्या अचानक हुए गुस्से का नतीजा नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश थी। साथ ही बताया कि “पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। उनके मुताबिक, मृतक गौरी देवी बार-बार आरोपी कांडे नाग को भद्दी गालियां देती थीं और सार्वजनिक रूप से ताना मारती थीं। इस मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर कांडे नाग ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर बुजुर्ग दंपती को खत्म करने की साजिश रची।“
चार लोगों ने मिलकर रची साजिश, दो फरार
डीएसपी ने बताया कि इस खूनी साजिश में कुल चार लोग शामिल थे। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी दो फरार हैं जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। हत्या को अंजाम देने के बाद भी दोनों आरोपी गांव में ही बेखौफ रह रहे थे। पुलिस ने टेक्निकल रिसर्च और सीक्रेट जानकारी के आधार पर कांडे नाग और जयलाल मुंडा को गांव से ही धर दबोचा।
खून से सने हथियार हुए बरामद
पुलिस के लिए सबसे बड़ी सफलता आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियारों की बरामदगी रही। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टांगी (कुल्हाड़ी) और तोनो (एक प्रकार का धारदार हथियार) बरामद कर लिया है। पुलिस अब फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर इस मामले की फाइल बंद करने का दावा कर रही है।


