दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को तमिलनाडु में कोयंबटूर पहुंचे, जहां उन्होंने किसानों की एक सभा को संबोधित किया. उन्होंने पीएम- किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त जारी की. इसके तहत 9 करोड़ लाभार्थियों के बैंक खातों में लगभग 18,000 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफ़र की गई. मीडिया रिपोर्टस के अनुसार, किसान महासंघ की ओर से कोयंबटूर में काले झंडे लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया.
किसान संगठनों ने आरोप लगाया, “पीएम ने जेनेटिकली मॉडिफ़ाइड संशोधित बीज विकसित करने के लिए 500 करोड़ रुपये आवंटित किया है. उन्हें जैविक किसानों के सम्मेलन में भाग लेने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है और उन्होंने उपज का दोगुना मूल्य देने का अपना वादा पूरा नहीं किया है.” हालांकि प्रदर्शन में शामिल लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. पीएम मोदी ने किसान सम्मेलन में जैविक खेती को बढ़ाने का आह्वान किया.
अपने भाषण के शुरू में उन्होंने कहा, “जब यहां मंच पर आया तो मैं देख रहा था कि काफ़ी किसान भाई-बहन गमछा घुमा रहे थे…बिहार की हवा मेरे आने से पहले ही पहुंच गई है.” उन्होंने कहा, “प्राकृतिक खेती एक ऐसा विषय है, जो मेरे दिल के बहुत क़रीब है. मैं तमिलनाडु के सभी किसान साथियों को दक्षिण भारत प्राकृतिक खेती शिखर सम्मेलन के इस अभूतपूर्व आयोजन के लिए शुभकामनाएं देता हूं.”


