मुंबई : महाराष्ट्र में निकाय चुनाव हो रहे हैं, इन चुनावों में एक तरफ ठाकरे ब्रदर्स उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे साथ आ चुके हैं तो वहीं एनसीपी के दोनों धड़े भी साथ आने की घोषणा कर चुके हैं लेकिन इस बीच ही इन चुनावों में एक ऐसा धमाका हुआ, जिसने राज्य में नए सियासी टकराव को जन्म दे दिया है। नगर निगम में सरकार बनाने के लिए पहले बीजेपी ने ठाणे में शिंदे की शिवसेना के खिलाफ कांग्रेस से गठबंधन किया। वहीं, अब बीजेपी के ओवैसी की पार्टी AIMIM से भी गठबंधन की बात सामने आ रही है।
सत्तापक्ष और विपक्ष के इस गठबंधन से राज्य में सियासी हलचल तेज हो गई है। डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे ने इस गठबंधन का विरोध किया था। वहीं, अब सीएम देवेंद्र फडणवीस ने भी इस गठबंधन को सिरे से खारिज कर दिया है। साथ ही उन्होंने पार्टी नेताओं को भी चेतावनी दी है। सीएम ने साफ किया है कि इस गठबंधन को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मंजूरी नहीं मिली है। इससे संगठन के अनुशासन का उल्लंघन हुआ है।
CM फडणवीस के अनुसार, मैं साफ कर देना चाहता हूं कि कांग्रेस और AIMIM के साथ कोई भी गठबंधन स्वीकार नहीं किया जाएगा। अगर कोई स्थानीय नेता इस तरह का फैसला लेता है, तो ये अनुशासन के खिलाफ होगा और उसपर कार्रवाई की जाएगी। इधर विपक्षी दलों ने भी इन गठबंधनों को लेकर बीजेपी को घेरना शुरू कर दिया है।


