जम्मू : जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में एक बार फिर आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, किश्तवाड़ के डोलगाम इलाके में सुरक्षाबलों ने 2 से 3 आतंकियों को घेर लिया है। आशंका जताई जा रही है कि ये आतंकी प्रतिबंधित संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हो सकते हैं। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और ऑपरेशन जारी है।
Highlights:
भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि व्हाइट नाइट कोर, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ द्वारा संयुक्त रूप से चलाए जा रहे ऑपरेशन त्राशी-I के तहत आतंकियों की मौजूदगी का ठोस इनपुट मिला था। इसी खुफिया जानकारी के आधार पर शनिवार तड़के सुरक्षाबलों की टीम डोलगाम क्षेत्र में संदिग्ध ठिकानों की ओर बढ़ी। तभी छिपे आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
आतंकियों के भागने के सभी रास्ते बंद
सेना के अनुसार, पूरे इलाके को चारों ओर से घेर लिया गया है और आतंकियों के भागने के सभी रास्ते बंद कर दिए गए हैं। चुनौतीपूर्ण पहाड़ी भूभाग होने के बावजूद सुरक्षाबल सतर्कता और रणनीतिक तरीके से आगे बढ़ रहे हैं। ड्रोन और अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद से भी इलाके पर नजर रखी जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार सुबह लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने किश्तवाड़ का दौरा कर आतंकवाद-रोधी ग्रिड और ऑपरेशनल तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जमीनी कमांडरों और जवानों से बातचीत की और उनके साहस व अटूट संकल्प की सराहना की।
ऑपरेशन त्राशी-I की शुरुआत 18 जनवरी को हुई
गौरतलब है कि ऑपरेशन त्राशी-I की शुरुआत 18 जनवरी 2026 को हुई थी और यह अब अपने 14वें दिन में प्रवेश कर चुका है। दुर्गम इलाके और मौसम की कठिन परिस्थितियों के बावजूद सुरक्षा बलों की मजबूत रणनीति और सटीक खुफिया समन्वय के कारण यह ऑपरेशन प्रभावी ढंग से आगे बढ़ रहा है। सुरक्षाबलों का कहना है कि आतंकियों के पूरी तरह निष्क्रिय होने तक अभियान जारी रहेगा।


