रांची: रामनवमी के अवसर पर रांची में निकलने वाली शोभायात्राओं को लेकर झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। 27 मार्च को रामनवमी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। बिजली विभाग ने स्पष्ट किया है कि रामनवमी शोभायात्रा के दौरान किसी भी क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित नहीं की जाएगी।
Highlights:
विभाग ने आम जनता को आश्वस्त किया है कि बिजली की उपलब्धता सामान्य रूप से जारी रहेगी। झारखंड हाईकोर्ट के निर्देशों के मद्देनज़र यह गाइडलाइन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जारी की गई है, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।
डीजे और झांकी की ऊंचाई भी तय
जुलूस में शामिल डीजे और झांकियों की अधिकतम ऊंचाई 4 मीटर (लगभग 13 फीट) निर्धारित की गई है। इसका उद्देशय बिजली के तारों से किसी भी तरह के संपर्क और दुर्घटना को रोकना है। आयोजकों और श्रद्धालुओं को निर्देश दिया गया है कि वे झंडा या अन्य ऊंचे ढांचे खड़ा करते समय बिजली के तारों और उपकरणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। विभाग ने चेतावनी दी है कि लापरवाही से बड़ा हादसा हो सकता है। एडवाइजरी में साफ कहा गया है कि किसी भी वाहन की छत पर खड़े होकर ऊंचे झंडे या सामान लेकर चलना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यह नियम दुर्घटनाओं से बचाव के लिए लागू किया गया है।
यह भी पढ़ें: रेलवे ने टिकट कैंसिलेशन और बोर्डिंग पॉइंट बदलने के नियमों में किया बदलाव
वालंटियर्स की निगरानी होगी जरूरी
शोभायात्रा के दौरान पूजा समितियों के वालंटियर्स को लगातार निगरानी रखने और किसी भी संभावित खतरे की स्थिती में तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। शोभायात्रा में अत्यधिक ऊंची और बड़ी गाड़ियों के इस्तेमाल पर रोक लगाई गई है। आयोजकों को मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
बिजली विभाग ने किसी भी आपात स्थिति या बिजली से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए कंट्रोल रूम और संबंधित अधिकारियों के मोबाइल नंबर जारी किए हैं, ताकि तुरंत सहायता मिल सके। बिजली विभाग ने सभी पूजा समितियों, आयोजकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और रामनवमी का पर्व सुरक्षित व शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं।

