नई दिल्ली : पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के तारीखों का आज ऐलान हो सकता है. चुनाव आयोग ने शाम 4 बजे नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा. सूत्रों के मुताबिक, चुनाव आयोग इस बार कम चरणों में मतदान प्रक्रिया पूरी करने पर विचार कर रहा है. जैसे ही तारीखों का ऐलान होगा, इन सभी राज्यों में ‘आदर्श चुनाव आचार संहिता’ लागू हो जाएगी.
Highlights:
चुनाव आयोग के मुताबिक, असम विधानसभा का कार्यकाल 20 मई, केरल का 23 मई, तमिलनाडु का 10 मई, पश्चिम बंगाल का 7 मई और पुडुचेरी का 15 जून को खत्म हो रहा है. यानी 7 मई से पहले-पहले पांचों राज्यों में चुनाव खत्म हो सकते हैं. साल 2021 के चुनावों की तुलना में इस बार मतदान के चरणों की संख्या कम रहने की संभावना है. पिछली बार पश्चिम बंगाल में 8 चरणों में मतदान हुआ था. हालांकि इसका एक कारण साल 2021 में कोरोना की दूसरी लहर का होना भी था.
केंद्रीय चुनाव आयोग का दौरा
आज चुनाव तारीखों के ऐलान से कुछ समय पहले ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में आयोग की पूरी टीम ने हाल ही में प बंगाल का दौरा किया था. इस दौरे का मुख्य उद्देश्य राज्य में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव के लिए जमीनी हकीकत को परखना था. दौरे के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विनीत जोशी भी मौजूद रहे. आयोग की इस ‘फुल बेंच’ ने राज्य के तमाम राष्ट्रीय और क्षेत्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ गहन चर्चा की. इस बैठक में चुनावी कार्यक्रम, सुरक्षा व्यवस्था और निष्पक्ष मतदान को लेकर दलों के सुझावों और चिंताओं पर विस्तार से बात हुई.
पिछली बार क्या रहे थे नतीजे?
- असम: 126 सीटों के लिए पिछली बार तीन चरणों में चुनाव हुए थे. एनडीए ने 75 सीटें जीती थीं. लगातार दूसरी बार असम में बीजेपी की सरकार बनी थी.
- पश्चिम बंगाल: राज्य की 294 सीटों के लिए पिछली बार 8 चरणों में चुनाव हुए थे. टीएमसी ने 215 और बीजेपी ने 77 सीटें जीती थीं. ममता बनर्जी मुख्यमंत्री बनी थीं.
- तमिलनाडु: 234 विधानसभा सीटों के लिए एक ही चरण में वोट डाले गए थे. डीएमके ने 133 सीटें जीती थीं. अन्नाद्रमुक ने 66 और बीजेपी ने 5 सीटें जीती थीं. एमके स्टालिन सीएम बने थे.
- केरल: 140 सीटों के लिए एक ही चरण में वोटिंग हुई थी. एलडीएफ ने 99 और यूडीएफ ने 41 सीटें जीती थीं. पिनराई विजयन लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बने थे.
- पुडुचेरी: 30 विधानसभा सीटों के लिए एक चरण में वोट पड़े थे. एनडीए ने 16 और यूपीए ने 9 सीटें जीती थीं. एनडीए के एन. रंगास्वामी मुख्यमंत्री बने थे.


