देहरादून: उत्तराखंड में होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में वर्दी सामग्री की खरीद से जुड़े घोटाले पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाया है। मामले में संलिप्त पाए जाने पर निदेशक होमगार्ड (डिप्टी कमांडेंट) अमिताभ श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह पूरा मामला वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान होमगार्ड्स के लिए की गई वर्दी सामग्री की खरीद से जुड़ा है। आरोप है कि इस दौरान अपनाई गई टेंडर प्रक्रिया में वित्तीय अनियमितताएं की गईं और नियमों का पालन नहीं हुआ।
Highlights:
महानिदेशक की रिपोर्ट
महानिदेशक, होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा, देहरादून की ओर से शासन को भेजी गई रिपोर्ट में टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी और नियमों के उल्लंघन की बात सामने आई है। इसी रिपोर्ट के आधार पर सरकार ने कार्रवाई की है। महानिदेशक की संस्तुति पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने न केवल डिप्टी कमांडेंट को निलंबित किया, बल्कि पूरे मामले की गहन जांच के लिए संयुक्त जांच समिति गठित करने के भी निर्देश दिए हैं। यह समिति वर्दी खरीद प्रक्रिया की हर स्तर पर जांच करेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर अनियमितता या भ्रष्ट आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दोषियों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जांच में जो भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सरकार की प्राथमिकता पारदर्शी व्यवस्था और जवाबदेही तय करना है। इस कार्रवाई को सरकार की उस नीति के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें सरकारी खरीद प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और भ्रष्टाचार पर सख्त नियंत्रण को प्राथमिकता दी जा रही है।


