धनबाद : बांकुड़ा से धनबाद आने वाली ट्रेन से गिरकर 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। रेलवे ट्रैक के पास घायल अवस्था में पड़े बच्चे को ग्रामीणों ने देखा और उसे इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। मृत बच्चे की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस और आरपीएफ मामले की जांच में जुटी है।
इसे भी पढ़ें : धनबाद कोर्ट परिसर में RPF और अधिवक्ता के बीच मारपीट, आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान हुआ हंगामा
मिली जानकारी के अनुसार घटना सुरंगा-पहाड़ीगोड़ा के पास रेलवे पोल संख्या 10, P7/P6 के नजदीक की है। स्थानीय निवासी रंजीत कुंभकार के अनुसार, ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक के पास एक बच्चे को गिरा हुआ देखा। आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने पर पता चला कि बच्चा बांकुड़ा से धनबाद आने वाली ट्रेन से गिरा है। इसके बाद ग्रामीणों ने आरपीएफ को सूचना दी।
रंजीत कुंभकार ने बताया कि आरपीएफ के पहुंचने में देरी होने पर ग्रामीणों ने बच्चे को अस्पताल पहुंचाने का फैसला किया। इसके बाद वे आनन-फानन में बच्चे को लेकर शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक, बच्चा आसपास के इलाके का रहने वाला नहीं लग रहा था।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। आरपीएफ और पुलिस मामले की जांच कर रही हैं। फिलहाल बच्चे की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस बच्चे की पहचान करने और उसके परिजनों का पता लगाने में जुटी है। साथ ही, यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बच्चा किन परिस्थितियों में ट्रेन से गिरा।

