रांची : आगामी रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए राज्य पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। इसी क्रम में बुधवार की रात डीजीपी तदाशा मिश्र अचानक रांची एसएसपी के गोपनीय कार्यालय पहुंचीं और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में एडीजी सीआईडी सह रांची जोनल आईजी मनोज कौशिक भी मौजूद रहे। वहीं रांची के एसएसपी राकेश रंजन, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, सिटी एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर समेत जिले के सभी डीएसपी और थाना प्रभारी बैठक में शामिल हुए।
इसे भी पढ़ें : बहरागोड़ा में स्वर्णरेखा नदी से बरामद दो बमों को सेना की टीम ने किया निष्क्रिय
बैठक के दौरान डीजीपी ने रामनवमी जुलूस और त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने खास तौर पर संवेदनशील और साम्प्रदायिक दृष्टिकोण से चिन्हित इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और सतर्क निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखने के निर्देश देते हुए डीजीपी ने कहा कि अफवाहों और भ्रामक खबरों को किसी भी कीमत पर फैलने नहीं दिया जाए। इसके लिए सोशल मीडिया सेल को 24 घंटे सक्रिय रहने का आदेश दिया गया है। साथ ही, किसी भी भड़काऊ पोस्ट या आपत्तिजनक सामग्री पर तत्काल कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा, पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र के चिन्हित असामाजिक तत्वों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया गया है, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो सके।

