नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा में शनिवार को एक कार से युवक और युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना सेक्टर 39 नोएडा क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, कार में मिले दोनों शवों को गोली लगी हुई थी। मौके से एक पिस्टल और कुछ कारतूस भी बरामद किए गए हैं। प्राथमिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि युवक ने पहले युवती को गोली मारी और फिर खुद को गोली मार ली। हालांकि, पुलिस ने कहा है कि पूरी सच्चाई जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
Highlights:
मृतकों की पहचान
शुरुआती जानकारी के अनुसार, युवती का नाम रेखा बताया जा रहा है, जो नोएडा सेक्टर-58 की रहने वाली थी। युवक की पहचान सुमित के रूप में हुई है, जो दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके का निवासी बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। परिवार वालों से भी संपर्क किया जा रहा है, ताकि घटना की वजह और दोनों के संबंधों के बारे में जानकारी मिल सके। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की है।


