गिरिडीह : गिरिडीह में साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक, गिरिडीह को प्रतिबिम्ब पोर्टल के माध्यम से मिली सूचना के आधार पर की गई। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से 3 मोबाइल फोन और 5 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लोगों को RTO चालान और श्रीराम फाइनेंस के नाम से APK फाइल भेजते थे। आरोपियों ने बताया कि वे फर्जी लिंक और ऐप के जरिए चालान और EMI जमा कराने के बहाने आम लोगों से साइबर ठगी करते थे। पुलिस के अनुसार, इस तरीके से कई लोगों को ठगा गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, APK फाइल या मैसेज पर क्लिक न करें और किसी भी तरह की साइबर ठगी की सूचना तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को दें।


