दिल्ली : भारतीय रेलवे देश में रेल यात्रा को लगातार आधुनिक और आरामदायक बनाने की दिशा में काम कर रहा है। इसी कड़ी में अब पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के बीच कनेक्टिविटी को एक नई पहचान मिलने जा रही है। गुवाहाटी और कोलकाता के बीच देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू होने वाली है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जनवरी को इस खास ट्रेन का उद्घाटन कर सकते हैं।
Highlights:
अब तक वंदे भारत ट्रेनें केवल बैठकर यात्रा के लिए जानी जाती थीं, लेकिन यह पहली ऐसी वंदे भारत ट्रेन होगी, जिसमें स्लीपर सुविधा मिलेगी। यह ट्रेन खासतौर पर लंबी दूरी की रातभर की यात्रा को ज्यादा आरामदायक और तेज बनाने के लिए तैयार की गई है। बताया जा रहा है कि इससे यात्रा का समय लगभग 3 घंटे तक कम हो जाएगा। इस वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे, जिनमें 823 बर्थ की सुविधा मिलेगी। इसमें 11 थर्ड एसी कोच (611 बर्थ), 4 सेकंड एसी कोच (188 बर्थ) और 1 फर्स्ट एसी कोच (24 बर्थ) शामिल है। ट्रेन का इंटीरियर भारतीय संस्कृति से प्रेरित है, जिससे यात्रियों को एक खास अनुभव मिलेगा।
ट्रेन में कई प्रीमियम सुविधाएं
सुरक्षा के लिहाज से ट्रेन में ‘कवच’ ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम, इमरजेंसी टॉक-बैक यूनिट और बेहतर सफाई के लिए आधुनिक कीटाणुनाशक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इसकी अधिकतम रफ्तार 180 किमी प्रति घंटा है, जबकि नियमित रूप से यह 130 किमी प्रति घंटा की गति से चलेगी। इस ट्रेन में कई प्रीमियम सुविधाएं दी गई हैं, जैसे अपग्रेडेड बेडरोल, आरामदायक और शोर कम करने वाली एर्गोनोमिक बर्थ, कोच के बीच ऑटोमैटिक स्लाइडिंग दरवाजे और स्वादिष्ट स्थानीय भोजन। सबसे खास बात इसकी ट्रांसपेरेंट टिकटिंग सिस्टम है। इसमें केवल कंफर्म टिकट ही मिलेगा, RAC या वेटिंग लिस्ट नहीं होगी और कोई वीआईपी या इमरजेंसी कोटा भी नहीं रहेगा। इससे सभी यात्रियों को समान और बेहतर यात्रा का अनुभव मिलेगा।


