मुंबई: महाराष्ट्र की ग्रामीण राजनीति की दिशा तय करने वाले जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के नतीजे आज सामने आएंगे। सुबह 10 बजे से मतगणना शुरू हो चुकी है। इन चुनावों में 2.08 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था, जिससे राजनीतिक दलों की धड़कनें तेज हैं।
Highlights:
किन जिलों में हुए चुनाव
इस बार राज्य की कुल 12 जिला परिषदों के लिए चुनाव कराए गए। इनमें रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे, सतारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर, छत्रपति संभाजीनगर, परभणी, धाराशिव और लातूर शामिल हैं। इन जिलों के साथ-साथ 125 पंचायत समितियों में भी चुनाव हुए।
कितनी सीटों पर हुआ मुकाबला
पंचायत समितियों की 1,462 सीटों के लिए मतदान हुआ। जिला परिषद चुनावों में 2,624 उम्मीदवार मैदान में थे। पंचायत समिति चुनावों में 4,814 उम्मीदवारों ने किस्मत आजमाई। कुल मिलाकर हजारों प्रत्याशियों का राजनीतिक भविष्य आज तय होना है। इन चुनावों में ग्रामीण मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, करीब 2.08 करोड़ वोटर्स ने वोट डाले, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में लोकतांत्रिक भागीदारी साफ नजर आई।
पहले 5 फरवरी को होने थे चुनाव
दरअसल, ये चुनाव 5 फरवरी को प्रस्तावित थे। लेकिन उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में मौत के बाद राज्य सरकार ने तीन दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की थी। इसी वजह से चुनाव प्रक्रिया को स्थगित कर दिया गया था। राजकीय शोक समाप्त होने के बाद नए कार्यक्रम के तहत 7 फरवरी को मतदान कराया गया। शांतिपूर्ण तरीके से वोटिंग संपन्न हुई और अब सभी की निगाहें मतगणना के नतीजों पर टिकी हैं।


