पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पाकिस्तान से धमकी मिली है। पाकिस्तान के कथित डॉन शहजाद भट्टी ने एक वीडियो जारी कर उन्हें धमकी देते हुए कहा है कि नीतीश कुमार माफ़ी मांग लें। पाकिस्तान से मिली धमकी के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर अब सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। बता दें कि यह वही शहजाद भट्टी है जिसने बीते दिनों गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को धमकी दी थी और उससे अपना रिश्ता तोड़ने की भी बात कही थी।
Highlights:
सोशल मीडिया में वायरल वीडियो
दरअसल धमकी मिलने का यह मामला उस घटना से जुड़ा हुआ है, जिसमें पटना में बीते दिनों नवनियुक्त आयुष चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र वितरण के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक महिला चिकित्सक का हिजाब खोल दिया था और हंसते हुए कहा था कि क्या है ये सब। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की इस हरकत का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले के बाद देश में सियासी घमासान तो मचा ही, वहीं विदेश से भी धमकी मिलने लगी है।
क्या कहा पाकिस्तानी डॉन ने
पाकिस्तानी डॉन ने कहा कि बीते दिनों बिहार में क्या हुआ सबने देखा ही होगा। एक बड़े पद पर बैठा व्यक्ति एक मुस्लिम महिला के साथ इस तरह का व्यवहार करता है फिर मुझ पर आरोप लगाये जाते हैं कि शहजाद भट्टी ने ये कर दिया, वह कर दिया। उस व्यक्ति के पास अभी समय है, माफ़ी मांग ले और यदि माफ़ी नहीं मांगता है तो देश के संबंधित संस्थान कार्रवाई करे। बाद में मुझे मत कहना कि पहले नहीं बताया।


