कोडरमा : जिले के पथलडीहा बेहराडीह क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान दोनों ओर से लाठी-डंडे चले और एक कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। बताया जाता है कि प्रथम पक्ष ने आरोप लगाया है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने अचानक हमला कर उनके साथ मारपीट की और उनकी कार को नुकसान पहुंचाया। घटना में कुछ लोगों को चोटें भी आई हैं। पीड़ित पक्ष ने इस संबंध में कोडरमा थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, दूसरे पक्ष ने भी प्रथम पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि प्रथम पक्ष उनके खतियानी जमीन पर अवैध कब्जा करने की कोशिश कर रहा था। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गई। दूसरे पक्ष ने भी कोडरमा थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से प्राप्त आवेदन के आधार पर जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


