राजस्थान : बॉर्डर 2 जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में सनी देओल को इस बार वरुण धवन, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ ने जॉइन किया है। 1971 के भारत-पाक युद्ध पर बेस्ड फिल्म बॉर्डर 2 का कुछ दिनों पहले ही मेकर्स ने टीजर रिलीज किया था और बीते दिन फिल्म का पहला गाना “घर कब आओगे”, रिलीज किया गया। जैसलमेर में BSF जवानों के बीच इस गाने को लॉन्च करते वक्त सनी देओल एक बार फिर से अपने पिता को याद करके काफी इमोशनल हुए और उन्होंने रुआंसी आवाज में वहां मौजूद सबसे बातचीत की और अपना दर्द बयां किया।
राजस्थान के जैसलमेर में BSF जवानों के बीच हुए इस इवेंट में भावुक सनी देओल ने सबसे पहले सभी का हाल चाल लिया और कहा, कैसे हैं आप लोग? मैं आपके परिवार का हिस्सा ही हूं। मैंने 1997 में बॉर्डर की थी,क्योंकि मैंने जब अपने पापा की फिल्म ‘हकीकत’ देखी थी तो वह मुझे बहुत अच्छी लगी थी। लेकिन, उस वक्त मैं बहुत छोटा था, जब मैं एक्टर बना तब मैंने डिसाइड किया कि मैं अपने पापा की तरह ही फिल्म करूंगा।
सनी देओल ने बॉर्डर 2 के इस इवेंट पर आगे कहा, मैंने जेपी दत्ता साहब के साथ बात की और हम दोनों ने ये डिसाइड किया कि हम इस सब्जेक्ट में फिल्म बनाएंगे, जो बहुत ही प्यारा है और आप सबके दिलों में बसा हुआ है। 1964 में रिलीज हुई हकीकत के बारे में बात करते हुए सनी देओल, पिता धर्मेंद्र को याद करके इतने भावुक हो गए कि उन्होंने आगे कहा, मैं ज्यादा कुछ नहीं बोल पाऊंगा, मेरा दिमाग हिला हुआ है। सनी को कई मौकों पर ऐसे भावुक होते देखा गया है।


